बकरी चराने के विवाद में दो गांवों में खूनी संघर्ष, 15 घायल; एक आरोपी गिरफ्तार, गांव में पुलिस तैनात

0
5

 

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र के पाकर का पुरवा और फरिहा गांव के बीच खेत में बकरियां जाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शनिवार देर शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के करीब 15 लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए लगातार तीसरे दिन भी गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

थानाध्यक्ष जय प्रकाश पाल ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए एसआई राजानाती ने पुलिस टीम के साथ फरिहा गांव में दबिश दी और जानलेवा हमला करने के आरोपी निहाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, फरिहा निवासी मोहित सेंगर ने अयाना थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह शनिवार शाम अपने खेत में काम कर रहा था, तभी पाकर का पुरवा निवासी जय प्रकाश पाल, इंदल पाल, महारूप पाल, तहसीलदार समेत अन्य लोग बकरियों का झुंड लेकर उसकी खड़ी फसल में घुस गए। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य लोगों पर भी कुल्हाड़ी व धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष से तेज सिंह पाल की बेटी दीप्ती ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि खेत पर शौच के दौरान फरिहा के कुछ लोगों ने उसके साथ अभद्रता की और विरोध करने पर उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। बचाने आए उसके भतीजे अंकित पर भी हमला किया गया। साथ ही आरोपियों ने ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया और कई लोगों को पीटकर घायल कर दिया।

Advertisement

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here