राप्ती नदी में डूबे चाराे किशोरों के शव 36 घंटे बाद बरामद, इलाके में मातम

0
6

 

गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर गांव के पास राप्ती नदी में डूबे चार किशोरों के शव शुक्रवार सुबह बरामद कर लिए गए। करीब 36 घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों को सफलता मिली। किशोरों के शव नदी से निकलने पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

दरअसल, बुधवार शाम लगभग 6 बजे चार किशोर बीरू उर्फ अमन राजभर (15), अनिकेत यादव (13), विवेक निषाद (15) और गगन पासवान (15) नदी किनारे साइकिल खड़ी कर नहाने उतरे थे। काफी देर तक उनके वापस न लौटने और किनारे पर साइकिल व चप्पल लावारिस मिलने के बाद आशंका जताई गई कि वे नदी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीम ने संयुक्त रूप से लगातार 36 घंटे तक अभियान चलाया। अंततः शुक्रवार सुबह चारों शव बरामद कर लिए गए।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर सांत्वना दी और अधिकारियों को राहत कार्य में कोई लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि मृतकों के परिजनों को शासन से अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

Advertisement

इधर, शव मिलने की खबर के बाद गांवों में कोहराम मच गया। जिन परिवारों में कल तक बच्चों के सकुशल लौटने की उम्मीद थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसर गया। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here