उच्च शिक्षा निदेशक को औचक निरीक्षण में राजकीय महाविद्यालय में सिर्फ एक शिक्षिका मिली, प्राचार्य समेत सभी से मांगा स्पष्टीकरण

0
10

 

 

👉राजकीय महाविद्यालय लतीफनगर, सरोजनीनगर लखनऊ का निरीक्षण

👉 सुबह 10:25 बजे शिक्षा निदेशक पहुंचे कॉलेज, सिर्फ एक शिक्षिका व तीन संविदाकर्मी मिले उपस्थित

लखनऊ। उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर बीएल शर्मा ने बुधवार को राजधानी लखनऊ के राजकीय महाविद्यालय, लतीफनगर, सरोजनीनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया। सुबह 10:25 बजे शिक्षा निदेशक के निरीक्षण के समय कॉलेज में सिर्फ डॉ. ममता मधुर, असिस्टेंट प्रोफेसर वाणिज्य व 3 आउटसोर्सिंग कर्मचारी ही उपस्थित मिले। अन्य कोई शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कार्मिक उपस्थित नहीं मिला। ऐसी स्थिति से नाराज निदेशक की ओर से सभी गैरहाजिर कार्यवाहक प्राचार्य, शिक्षकों व कर्मचारियों को शो कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इतना ही नहीं महाविद्यालय में एक भी छात्र एवं छात्रा उपस्थित न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई है।

Advertisement

उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. शर्मा यहां शैक्षिक व महाविद्यालय के संचालन से जुड़ी गतिविधियों के औचक निरीक्षण को पहुंचे थे। यहां समय पूर्वाह्न 10:50 बजे महाविद्यालय कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सुधा एवं डॉ. अमित कुमार यादव विषय-रसायन विज्ञान उपस्थित हुए।

शेष अन्य शिक्षक क्रमशः डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, विषय-दर्शनशास्त्र, डॉ. पवन कुमार मौर्या, विषय-वाणिज्य, डॉ. राघवेन्द्र प्रताप नारायण, विषय-वनस्पति विज्ञान, डॉ. केशरी नन्दन मिश्रा, विषय-इतिहास, डॉ. राजेश यादव, विषय-जन्तु विज्ञान, डॉ. इरा फात्मा, विषय-मनोविज्ञान, डॉ. सविता, विषय अर्थशास्त्र, डॉ. वन्दना, विषय-संस्कृत, डॉ. शिल्पी सिंह, विषय-गणित एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण क्रमशः वन्दना सिंह, प्रधान सहायक एवं नन्दिनी, वरिष्ठ सहायक पूर्वाहन 10:50 बजे तक भी उपस्थित नहीं थे।

आश्चर्य की बात यह है कि उच्च शिक्षा निदेशक के निरीक्षण के समय महाविद्यालय की उपस्थिति पंजिका भी प्राचार्य कक्ष में नहीं थी। इस संबंध में कार्यवाहक प्राचार्य ने निदेशक काे अवगत कराया कि उपस्थिति पंजिका लिपिक के पास है और सम्बन्धित लिपिक भी निदेशक के निरीक्षण के समय अनुपस्थित थीं।

उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर शर्मा ने महाविद्यालय प्राचार्य को निर्देशित किया कि उपस्थिति पंजिका अपने कार्यालय कक्ष में रखें और भविष्य में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। इतना ही नहीं महाविद्यालय में कोई भी छात्र एवं छात्रा भी उपस्थित नहीं थे जबकि महाविद्यालय में उपस्थित होने का निर्धारित समय पूर्वाहन 10:00 बजे है।

निदेशक के निरीक्षण के समय महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की इस तरह की उपस्थिति देख कर निदेशालय ने नाराजगी जाहिर की है। संयुक्त शिक्षा निदेशक (उ०शि०) डॉ. शशि कपूर की ओर से कार्यवाहक प्राचार्य, शिक्षकों व कर्मचारियों को सामूहिक कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है कि महाविद्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थित न होने के सम्बन्ध में क्यों न आप सभी अनुपस्थित प्राध्यापक/कर्मचारी का एक दिन का वेतन अवरूद्ध करते हुए अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित कर दी जाए।

संयुक्त शिक्षा निदेशक ने निदेशक की ओर से जारी किये गये इस पत्र में यह भी कहा है कि अनुपस्थिति के सम्बन्ध में समस्त सम्बन्धित प्राध्यापक/कार्मिक अपना स्पष्टीकरण प्राचार्य के माध्यम से दो कार्यदिवस में इस कार्यालय की ई-मेल पर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें।

पत्र में यह भी निर्देशित किया गया है कि राजकीय/अशासकीय इण्टर कॉलेजों में समस्त शिक्षकों को संलग्न करते हुए प्रचार-प्रसार कर छात्र-छात्राओं की प्रवेशित संख्या बढ़ायें तथा इस सम्बन्ध में किये गये प्रयासों से निदेशालय को भी अवगत करायें। साथ ही महाविद्यालय के वाचनालय, पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास को संचालित कराया जाना सुनिश्चित करें।

उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर बीएल शर्मा ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कहा कि इस तरह का निरीक्षण अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि शैक्षिक गुणवत्ता सुनिश्चिचत करने के लिए सभी जरूरी उपाय किये जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को महाविद्यालय का निरीक्षण किया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here