हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 के भव्य और व्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को और तेज कर दिया है। धर्मनगरी में अगले वर्ष 14 अप्रैल को मेष संक्रांति के अवसर पर प्रमुख अमृत स्नान (शाही स्नान) आयोजित होगा। इसी के मद्देनजर मेला प्रशासन ने सभी कार्यों को काउंटडाउन मोड में डालते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
बैसाखी के पावन अवसर पर मेलाधिकारी सोनिका ने हर की पैड़ी में गंगा स्नान कर मां गंगा से आगामी कुंभ मेला के सफल, सुरक्षित और सुचारू आयोजन की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने शहर के प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने हर की पैड़ी क्षेत्र के साथ-साथ हिल बाइपास, मनसा देवी पैदल मार्ग, मोतीचूर रेलवे स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्र मार्ग, हरिद्वार रेलवे स्टेशन मार्ग, सिंहद्वार, कांवड़ पटरी मार्ग, शंकराचार्य चौक, कनखल क्षेत्र, आस्था पथ और रोड़ी-बेलवाला जैसे महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घाटों, पुलों, सडक़ों, पार्किंग स्थलों और पैदल मार्गों की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा भी की।
निरीक्षण के बाद मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ पटरी मार्ग की मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। हिल बाइपास की मरम्मत में तेजी लाई जाए। मनसा देवी पैदल मार्ग का पुनर्निर्माण समयबद्ध ढंग से किया जाए। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, सुगमता और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ मेले के सभी कार्यों के लिए तय टाइमलाइन के अनुसार सभी कार्यदायी संस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम हरिद्वार के आयुक्त नंदन कुमार, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
कुंभ मेला 2027 के प्रमुख स्नान पर्व
14 जनवरी 2027 मकर संक्रांति
6 फरवरी 2027 मौनी अमावस्या
11 फरवरी 2027 बसंत पंचमी
20 फरवरी 2027 माघ पूर्णिमा
6 मार्च 2027 महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)
8 मार्च 2027 फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)
7 अप्रैल 2027 नव संवत्सर
14 अप्रैल 2027 मेष संक्रांति (प्रमुख अमृत स्नान)
15 अप्रैल 2027 श्रीराम नवमी
20 अप्रैल 2027 चैत्र पूर्णिमा










