बलरामपुर : ट्रक की चपेट में आईं दो शिक्षिकाएं, एक की मौके पर मौत, दूसरी गंभीर

0
6

 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गईं, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

हादसा वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर बसंतपुर थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्थित अपने स्कूल के लिए स्कूटी से निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी शिक्षिका, रजनी केवट, गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल शिक्षिका को वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्कूल में पदस्थ थीं। घटना की खबर मिलते ही स्कूल स्टाफ और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

Advertisement

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के सख्त उपायों की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here