सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के उत्तर एकटियाशाल पाइपलाइन इलाके में कथित तौर पर गाय चोरी के शक में दो लोगों की भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात से इलाके में गाय चोरी की अफवाह फैली थी। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। आरोप है कि उन्हें एक खंभे से बांधकर जमकर पीटा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक इस्लामपुर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि उनकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस और केंद्रीय बल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।









