असामाजिक तत्वों के खिलाफ बंगाल पुलिस का सख्त रवैया, गिरफ्तारी के बाद सड़क पर कराई परेड

0
6

 

हावड़ा। हावड़ा में अपराध और उगाही के खिलाफ पुलिस ने उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ की पुलिस की तरह सख्त रुख अपनाते हुए तीन दिनों में तीन आरोपितों को सार्वजनिक रूप से सड़कों पर घुमाया। इनमें तृणमूल कांग्रेस के नेता शमिम अहमद उर्फ बड़े, उगाही के आरोप में बर्खास्त अस्थायी होमगार्ड शाहिन मोल्ला और उत्तर हावड़ा के ‘डॉन’ आकाश सिंह शामिल हैं।

तीनों आरोपितों को बनियान और अंडरवियर पहनाकर विभिन्न इलाकों में घुमाया गया।

शाहिन मोल्ला की कमर में रस्सी बांधी गई थी, जबकि बाकी दो आरोपितों को हथकड़ी लगाई गई थी। पुलिस का कहना है कि अपराधियों में भय पैदा करने और सख्त संदेश देने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

शाहिन मोल्ला को 23 मई को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी से पहले ही उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। आरोप है कि होमगार्ड होने के बावजूद इलाके में उसका काफी प्रभाव था और वह दबंगई दिखाकर उगाही तथा लोगों को धमकाने का काम करता था।

Advertisement

सोमवार को हावड़ा अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

वहीं शिवपुर के पूर्व प्रभावशाली तृणमूल नेता शमिम अहमद उर्फ बड़े को भी पुलिस ने इलाके में घुमाया। सोमवार शाम केंद्रीय बलों और पुलिस की संयुक्त टीम ने जीटी रोड और ट्राम डीपो इलाके में उसके घर के सामने हथकड़ी लगाकर उसे पैदल चलाया। शमिम को पिछले सप्ताह मुंबई से दो अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया था। बाद में ट्रांजिट रिमांड पर उसे पश्चिम बंगाल लाया गया।

उत्तर हावड़ा के तथाकथित ‘डॉन’ आकाश सिंह को भी पुलिस ने हथकड़ी लगाकर विभिन्न इलाकों में घुमाते हुए कई आपराधिक घटनाओं का पुनर्निर्माण कराया। पुलिस के अनुसार, आकाश पर पुलिस पर गोली चलाने सहित 20 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। उसे इसी महीने की शनिवार को गिरफ्तार किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हावड़ा पुलिस का यह रूप पहले कभी नहीं देखा गया। हालांकि आरोपितों को इस तरह सार्वजनिक रूप से घुमाने को लेकर कुछ लोगों ने सवाल भी उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि अपराध के खिलाफ सख्त संदेश देना ही इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here