भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 के मुकाबले को 72 रनों से अपने नाम करने के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा हुआ है। टीम इंडिया को इस मैच में जीत दिलाने में स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई जिसमें उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में नाबाद 50 रनों की पारी खेली। हार्दिक ने अपनी इस पारी के दम पर बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया तो वहीं उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया।
हार्दिक ने एक झटके में तीन खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में जब हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे तो उस समय तक टीम इंडिया ने 150 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। यहां से हार्दिक पांड्या ने एक छोर से पारी को ना सिर्फ संभाला बल्कि तेजी से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा जिसमें उन्हें पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव और उसके बाद तिलक वर्मा का बखूबी साथ मिला। हार्दिक पांड्या ने अपनी नाबाद 50 रनों की पारी में कुल 2 चौके और चार छक्के लगाए। वहीं इसी के साथ अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा बार अर्धशतकीय पारी खेलने का रिकॉर्ड हार्दिक पांड्या के नाम पर दर्ज हो गया है, जिसमें इससे पहले वह डेविड मिलर, मार्कस स्टोइनिस और शोएब मलिक के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर काबिज थे, जिसमें इन तीनों ने तीन-तीन बार इस काम को अंजाम दिया था।
टी20 वर्ल्ड कप में नंबर-5 या उससे नीचे सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ी
- हार्दिक पांड्या (भारत) – 4
- डेविड मिलर (साउथ अफ्रीका) – 3
- मार्कस स्टोइनिस (ऑस्ट्रेलिया) – 3
- शोएब मलिक (पाकिस्तान) – 3
धोनी के बाद ये कारनामा करने वाले बने सिर्फ दूसरे भारतीय खिलाड़ी
टी20 इंटरनेशनल में हार्दिक पांड्या की गिनती मैच विनर ऑलराउंडर खिलाड़ियों में की जाती है, जो बल्ले के साथ गेंद से भी मुकाबला पलटने की क्षमता रखते हैं। हार्दिक पांड्या ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की, जिसमें वह सिर्फ दूसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जो टी20 इंटरनेशनल के 20वें ओवर में 200 से अधिक रन बनाने में कामयाब हो सके हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर एमएस धोनी का नाम है जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल सिर्फ 20वें ओवर में 251 रन बनाए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर 204 रनों के साथ हार्दिक पांड्या का नाम है।
ये भी पढ़ें
टीम इंडिया जीती, लेकिन शिवम दुबे ने खड़े कर दिए बड़े सवाल, किया शर्मनाक काम




