सफर के दौरान जगह न मिलने पर यात्री ने ट्रेन में बम होने अफवाह फैलाई, आरोपित पकड़ा गया

0
5
Oplus_16908288

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर मंगलवार को राप्ती सागर ट्रेन को उस वक्त रोका गया, जब उसमें बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी- आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने ट्रेन में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जीआरपी ने उस यात्री को ट्रेन से उतारा, जिसने ट्रेन में बम होने की अफवाह फैलाई थी।

बाजारखाला थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि मंगलवार को राप्ती सागर ट्रेन में बम होने की सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना पर स्थानीय पुलिस, जीआरपी एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ट्रेन की सघन चेकिंग की। जांच के दौरान ट्रेन के सभी कोचों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई और बम होने की सूचना पूर्णतः असत्य पाई गई। इस दौरान बम की सूचना देने वाले यात्री तेलंगाना राज्य के विमलवाड़ा निवासी सैनी जैकी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में यात्री सैनी ने बताया कि सफर के दौरान उसे ट्रेन में बैठने के लिए स्थान नहीं मिल रहा था, इसी कारण उसने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना फैला दी, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। फिलहाल जीआरपी पुलिस यात्री के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर रही है। जांच के उपरांत ट्रेन को सुरक्षित पाए जाने पर उसे अपने अगले गंतव्य के लिए सकुशल रवाना कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here