उप्र का मौसम : मानसून की सक्रियता से तापमान लुढ़का, प्रदेश भर में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

0
4

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को मानसून की सक्रियता से गर्मी का असर धीरे धीरे कम हो रहा है। बारिश और आकाश में घने बादलों से तापमान भी लगातार लुढ़कता जा रहा है। राज्य भर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। माैसम विभाग ने मानसून के सक्रिय होने से आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

माैसम विभाग लखनऊ के मौसम

वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून के पूरे राज्य में छा जाने से पिछले 24 घंटों में कई जगहों पर तेज बारिश हुई है और अगले कुछ दिनों तक यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं गुरुवार काे राजधानी लखनऊ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

Advertisement

प्रदेश के सभी 75 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे पूरे यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी, मेघगर्जना के साथ मध्यम बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। इनमें गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, रामपुर, संभल, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मैनपुरी, हरदोई, कन्नौज, इटावा, कानपुर, रायबरेली, उन्नाव, जौनपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली समेत प्रदेश के अधिकांश जिले हैं।

बहराइच जिले में हुई सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को बहराइच जिले में सबसे ज्यादा 113 मिमी. बारिश हुई। इसके साथ ही बिजनौर में 95 मिमी. और ललितपुर में 93 मिमी. बारिश दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश में इस साल मानसून करीब 10 दिन की विलंब से पहुंचा है। मानसून ने मंगलवार को सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया था।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया मानसून आने के बाद फिलहाल लगातार बारिश की संभावना बनी रहेगी। इससे तापमान में 8 से 10 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here