पत्रकार रुबिका लियाकत को अज्ञात नंबरों से मिल रही है धमकी, भय के साए में जी रहा पूरा परिवार

0
4

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा थाना सेक्टर 39 में टीवी चैनल के वरिष्ठ एंकर के पति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी पत्नी को फोन करके अज्ञात व्यक्ति जान से मारने ,गंभीर परिणाम भुगतने और अपराधित प्रकृति की धमकी दे रहा है। उन्होंने पुलिस सुरक्षा प्रदान किए जाने की भी मांग की है।

थाना सेक्टर- 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि नवेद कुरैशी ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के एक सोसाइटी में रहते हैं। उनके अनुसार उनकी पत्नी रुबिका लियाकत जो कि वर्तमान में टाइम्स नाउ (नव भारत) में वाइस प्रेसिडेंट एवं एक्जीक्यूटिव एडिटर के पद पर कार्यरत है। उनके अनुसार उनकी पत्नी की सुरक्षा एवं जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने कहा है कि उनकी पत्नी के मोबाइल फोन पर विभिन्न अज्ञात मोबाइल नंबरों से लगातार धमकी भरे फोन प्राप्त हो रहे हैं। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति उन्हें जान से मारने, गंभीर परिणाम भुगतने तथा अपराधिक प्रकृति की धमकी दे रहे हैं। इन लगातार धमकियां के कारण उनकी पत्नी और पूरा परिवार भय, असुरक्षा एवं मानसिक तनाव की स्थिति में जीवन व्यतीत कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है की धमकी देने वाला व्यक्ति उनकी पत्नी की दैनिक गतिविधियों, आवागमन तथा विभिन्न स्थानों पर उनकी उपस्थिति के संबंध में जानकारी साझा कर रहा है, जो प्रथम दृष्टया यह संकेत देता है कि उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उनकी लोकेशन एवं मूवमेंट को ट्रैक किया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार इससे उनकी पत्नी की व्यक्तिगत सुरक्षा, निजात एवं जीवन पर वास्तविक खतरा उत्पन्न हो गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here