घर में अकेले रह रहे बुजुर्ग की हत्या, तीन लाख रुपये की नकदी लूटने का आरोप

0
5

 

अलवर। शहर में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में नगर निगम के पूर्व चेयरमैन के मामा और शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी दिनेश अग्रवाल (80) की उनके घर में हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बदमाश करीब तीन लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपितों ने वारदात से पहले बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार दिनेश अग्रवाल घर में अकेले रहते थे। उनका बेटा विकास अग्रवाल स्कीम-4 क्षेत्र में रहता है। मृतक पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के चचेरे भाई भी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिनेश अग्रवाल पुराने और कटे-फटे नोट बदलने का कार्य करते थे। इसी कारण उनके पास अक्सर नकदी रहती थी। वारदात की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या और लूट की वारदात के पीछे के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस से आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। विभिन्न पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Advertisement

इस बीच नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा पुलिस अधिकारियों से शीघ्र आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। जूली ने आरोप लगाया कि जिले में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here