*शुद्ध खतौनी के लिए भटक रहे शिकायतकर्ता को जिलाधिकारी ने मौके पर उपलब्ध कराई संशोधित खतौनी, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।*
मऊ। जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में तहसील मोहम्मदाबाद गोहना में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 109 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अतिरिक्त 6 शिकायतों के निस्तारण हेतु संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 55 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं, जबकि पुलिस विभाग से 27 तथा शेष शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित थीं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। कुल 42 महिलाओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 6 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता श्याम देव यादव, निवासी शाहपुर, की खतौनी में अंश संशोधन से संबंधित शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की। शिकायतकर्ता द्वारा बार-बार तहसील के चक्कर लगाने के बावजूद खतौनी में संशोधन नहीं हो पा रहा था। जिलाधिकारी के समक्ष प्रकरण आने पर संबंधित अभिलेखों में आवश्यक संशोधन कराते हुए शिकायतकर्ता को मौके पर ही शुद्ध खतौनी उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अतः सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश कुमार मिश्रा, उपजिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना श्रीमती अर्चना अग्निहोत्री सहित जनपद एवं तहसील स्तर के संबंधित अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।








