अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी, जिले के थाना संग्रामपुर क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बारात से लौट रहे एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना संग्रामपुर क्षेत्र के भगतपुर-गोरखापुर गांव निवासी प्रदीप वर्मा (25) पुत्र स्वर्गीय धर्मराज वर्मा बुधवार की रात करीब 11 बजे चंद्रिकन गांव से बारात से वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वह कालिकन–विशेषरगंज मार्ग पर भैरोपुर बाग की पुलिया के पास पहुंचे, तभी उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया की रेलिंग से टकराते हुए पास खड़े बिजली के खंभे से जा भिड़ी और प्रदीप वर्मा का सिर फट गया जबकि पीछे बैठे रामकरन इस हादसे में बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों के अनुसार मृतक की मां शीला देवी आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं, जबकि प्रदीप मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रदीप की शादी करीब दो वर्ष पहले गायत्री देवी से हुई थी, जिनसे एक वर्ष का बेटा शनवीर है। प्रदीप तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
संग्रामपुर थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रदीप को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




