नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने सिंगर हनी सिंह और बादशाह के आपत्तिजनक गाने ‘वॉल्यूम 1’ को सभी प्लेटफार्मों से हटाने का आदेश दिया है। जस्टिस पुरुषेंद्र कौरव की बेंच ने कहा कि उन्होंने यह गाना सुना और यह उन दुर्लभ मामलों में से एक है जिसने अदालत की अंतरात्मा पूरी तरह से झकझोर दिया है।
कोर्ट ने सोशल मीडिया समेत सभी प्लेटफार्म्स को निर्देश दिया कि वो ये सुनिश्चित करें कि गाने का अंश भी किसी सार्वजनिक प्लेटफार्म पर उपलब्ध न हो। कोर्ट ने कहा कि ये गाना अश्लील है और ये महिलाओं के लिए अपमानजनक है। गाने में महिलाओं को एक वस्तु की तरह पेश किया जा रहा है। इस गाने में कोई कलात्मक या सामाजिक मूल्य नहीं है। कोर्ट ने कहा कि कोई भी सभ्य समाज इस गाने को डिजिटल प्लेटफार्म पर चलने की अनुमति नहीं दे सकता है।
जस्टिस पुरुषेंद्र कौरव ने कहा कि हाल ही में उन्होंने एक कंसर्ट के दौरान हनी सिंह के गाने के कुछ हिस्से को सुना। उसके बाद कोर्ट ने हनी सिंह और बादशाह को नोटिस जारी किया और उन्हें ये गाना हर प्लेटफार्म से हटाने का आदेश दिया। याचिका हिन्दू शक्ति दल नामक संगठन ने दायर की थी।
वॉल्यूम 1 एक विवादित गाना है जिसे हनी सिंह ने दो दशक पहले रिलीज किया था। इस गाने से काफी लोकप्रियता हासिल की थी लेकिन महिलाओं को लेकर इस गाने के खिलाफ विरोध भी हुआ था। इस गाने के खिलाफ कई स्थानों पर शिकायतें भी दर्ज करायी गई थीं।








