
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के दफ्तर के पास हुए। हालांकि, यह साफ नहीं है कि 86 साल के खामेनेई उस समय अपने दफ्तर में मौजूद थे या नहीं। इसी बीच इजरायल के शहर तेल अवीव में सायरन बजने लगे। इजरायल ने चेतावनी दी कि मिसाइल हमले की आशंका हो सकती है
Israel Strike Iran: ईरान पर डबल अटैक, इजरायल ने किया हमला, अमेरिका ने भी दिया साथ
मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। इसके बाद इजरायल ने दावा किया कि उसने “खतरे को खत्म करने” के लिए पहले हमला किया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से जरूरी बताया। उनका कहना है कि यह हमला संभावित खतरों को रोकने के लिए किया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के दफ्तर के पास हुए। हालांकि, यह साफ नहीं है कि 86 साल के खामेनेई उस समय अपने दफ्तर में मौजूद थे या नहीं।
NDTV से बातचीत में एक पत्रकार ने बताया कि तेहरान में कम से कम तीन से चार धमाके हुए। वहीं न्यूज एजेंसी AP ने एक अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि इन हमलों में अमेरिका ने भी इजरायल का साथ दिया।
फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच इजरायल के शहर तेल अवीव में सायरन बजने लगे। इजरायल ने चेतावनी दी कि मिसाइल हमले की आशंका हो सकती है।
इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने बयान जारी कर कहा कि पूरे देश में सायरन बजाए गए हैं और लोगों को सुरक्षित जगहों के पास रहने के लिए मोबाइल अलर्ट भेजे गए हैं। यह कदम संभावित मिसाइल हमले की तैयारी के तहत उठाया गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ है। अमेरिका और इजरायल पहले भी चेतावनी दे चुके हैं कि अगर ईरान अपने परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को आगे बढ़ाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
इसी महीने अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत फिर से शुरू हुई थी, ताकि लंबे समय से चल रहे विवाद का समाधान निकाला जा सके। लेकिन इजरायल ने साफ कहा था कि किसी भी समझौते में ईरान के परमाणु ढांचे को खत्म करना जरूरी होना चाहिए और मिसाइल कार्यक्रम पर भी रोक शामिल की जाए।
वहीं ईरान ने कहा था कि वह प्रतिबंध हटाने के बदले अपने परमाणु कार्यक्रम पर कुछ सीमाएं लगाने को तैयार है, लेकिन मिसाइल कार्यक्रम को इस बातचीत से जोड़ने के खिलाफ है।
तेहरान ने यह भी साफ किया था कि किसी भी हमले की स्थिति में वह अपनी रक्षा करेगा।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।



