औरैया में पैसे के लेनदेन के विवाद में मारपीट, घायल युवक ने जहर खाकर दी जान

0
4

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के गांव जुआ में लेनदेन के विवाद के बाद एक युवक द्वारा शनिवार देर शाम जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

गांव जुआ निवासी प्रदीप कुमार (28) पुत्र रामआसरे बल्लापुर में मुर्गा-मीट की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार वह गांव के ही मुस्कीम अली से मुर्गा खरीदते थे और इसी को लेकर कुछ रुपये बकाया थे। पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मृतक की पत्नी ने बताया कि शनिवार दोपहर मुस्कीम अली अपने दो साथियों के साथ बल्लापुर स्थित दुकान पर पहुंचा। वहां बकाया रुपये को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई। घटना के बाद प्रदीप शाम करीब पांच बजे घर पहुंचे, जहां उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी।

परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि मारपीट और विवाद से आहत होकर प्रदीप ने आत्मग्लानि में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे दो बड़े भाई सुशील कुमार व अवनीश, बहनें सीता व रीता, पांच वर्षीय पुत्र ऋषभ और छह वर्षीय पुत्री नव्या को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here