गोरखपुर में राप्ती नदी में नहाते समय चार किशोर डूबे, एनडीआरएफ का तलाशी अभियान जारी

0
5

 

 

गोरखपुर राप्ती नदी में चार किशोर डूबे

एसडीआरएफ और गोताखोरों द्वारा तलाशी अभियान जारी

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में खोराबार क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में पीपा पुल के पास बुधवार शाम चार बजे राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोर डूब गए, जबकि उनके साथ गया एक किशोर सुरक्षित घर पहुंच गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को नदी किनारे चार साइकिल और चार जोड़ी चप्पल मिले। बचकर घर पहुंचे किशोर ने साथियों के डूबने की जानकारी दी। एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी आधुनिक उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है लेकिन सफलता नहीं मिली है।

Advertisement

एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चार किशोरों के डूबने की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई और हर तरफ मातम जैसा माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी को मौके पर तैनात किया गया, जिसने आधुनिक उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन जारी है। लापता किशोरों की पहचान बीरू उर्फ अमन राजभर (15), अनिकेत यादव (13), विवेक निषाद (15) और गगन पासवान (15) के रूप में हुई है। सभी बच्चे आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। और घटना के समय एक साथ मौजूद थे।

शाम करीब 6 बजे उपजिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता ने इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को घटना की जानकारी दी। इसके बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ की टीम को चारगांवा और वाराणसी से बुलाया गया। टीम ने स्थानीय पुलिस और गोताखोरों के साथ मिलकर तलाशी अभियान को तेज कर दिया। इस बीच जिलाधिकारी दीपक मीणा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे हुए हैं और बच्चों के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हर दिल में एक ही दुआ चारों बच्चे सुरक्षित लौट आएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here