90 लाख के जेवर और नकदी चोरी का मामला, चौकी प्रभारी पर महिला ने उठाए सवाल

0
6

 

 

कानपुर । कल्याणपुर क्षेत्र में एक महिला ने अपने घर से करीब 90 लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। महिला ने आवास विकास चौकी प्रभारी पर भी मामले में लापरवाही और संदिग्ध भूमिका के आरोप लगाए हैं।

अंबेडकरपुरम, आवास विकास कल्याणपुर निवासी अनीता ने सोमवार को नवीन मार्केट स्थित कानपुर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि वह अपने पति के साथ बेंगलुरु में रहती हैं और समय-समय पर कानपुर आती रहती हैं। उनके कानपुर स्थित मकान में उनकी मां सूरजकली अपने रिश्तेदार आकाश उर्फ छोटू के साथ रहती थीं। फरवरी में जब वह कानपुर आईं तो घर की अलमारी और लॉकर से करीब 600 ग्राम सोने के जेवर और नकदी गायब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामले की सूचना पुलिस को देने पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आकाश उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। महिला का आरोप है कि पूछताछ में छोटू ने कबूल किया कि उसने चोरी के जेवर कानपुर और खागा के कुछ सर्राफा कारोबारियों को बेचे हैं। इस मामले में खागा स्थित श्याम ज्वैलर्स के संचालक के बेटे प्रिंस को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जबकि कल्याणपुर के मसवानपुर स्थित मंजूश्री ज्वेलर्स के संचालक पुनीत को पूछताछ के लिए बुलाया गया।

Advertisement

अनीता का आरोप है कि जब पुलिस छोटू को लेकर खागा गई थी, तब रास्ते में एक होटल पर गाड़ी रोकी गई जहां कुछ लोगों ने खुद को वकील बताते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उनका कहना है कि उस समय पुलिसकर्मी मौजूद होने के बावजूद किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के बयान के बावजूद अब तक चोरी गए जेवर और नकदी की पूरी रिकवरी नहीं हो सकी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here