इजराइल में भारतीय UPI चलेगा, मोदी-नेतन्याहू की बैठक में समझौता: मोदी बोले- जल्द फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करेंगे, इजराइल आना मेरे लिए गर्व की बात

0
1
इजराइल-में-भारतीय-upi-चलेगा,-मोदी-नेतन्याहू-की-बैठक-में-समझौता:-मोदी-बोले-जल्द-फ्री-ट्रेड-एग्रीमेंट-करेंगे,-इजराइल-आना-मेरे-लिए-गर्व-की-बात
इजराइल में भारतीय UPI चलेगा, मोदी-नेतन्याहू की बैठक में समझौता: मोदी बोले- जल्द फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करेंगे, इजराइल आना मेरे लिए गर्व की बात
  • Hindi News
  • International
  • PM Narendra Modi Israel Visit LIVE Update; Netanyahu Isaac Herzog | India Israel Defence Deal

तेल अवीव3 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

पीएम मोदी और नेतन्याहू ने द्विपक्षीय मीटिंग के बाद जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल दौरे का आज आखिरी दिन हैं। मोदी दौरे के दूसरे दिन सबसे पहले यरूशलम के होलोकॉस्ट मेमोरियल ‘याद वाशेम’ पहुंचे। यहां उन्होंने हिटलर के नाजी शासन में मारे गए 60 लाख यहूदियों को श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद इजराइली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की। इस दौरान इसाक ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है, जो पूरी दुनिया का ध्यान खींच रही है। वहीं, पीएम मोदी ने इजराइली राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता दिया।

Advertisement

फिर पीएम मोदी और इजराइली पीएम नेतन्याहू ने द्विपक्षीय मीटिंग के बाद जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बताया गया है कि इजराइल में भी अब भारत का UPI पेमेंट सिस्टम चलेगा। PM मोदी ने कहा कि भारत जल्द इजराइल के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) करेगा।

मोदी बुधवार को इजराइल पहुंचे थे। नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने एयरपोर्ट पर मोदी को रिसीव किया था। इसके बाद पीएम मोदी ने इजराइली संसद नेसेट को भी संबोधित किया। उन्हें संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ दिया गया। मोदी नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने।

मोदी के इजराइल दौरे की तस्वीरें…

पीएम मोदी ने यरुशलम स्थित होलोकॉस्ट मेमोरियल ‘याद वाशेम’ में फूल अर्पित किए।

दोनों नेताओं ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी शासन के अत्याचारों में मारे गए लाखों यहूदियों को श्रद्धांजलि दी।

मोदी के साथ इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद रहे।

होलोकॉस्ट मेमोरियल ‘याद वाशेम’ में श्रद्धांजलि देकर बाहर निकलते हुए।

पीएम मोदी ने इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की।

पीएम मोदी के संबोधन की 7 बड़ी बातें…

  1. इजराइल में स्वागत पर- मोदी ने इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और वहां की जनता का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद दिया। नेसेट (इजराइली संसद) से मिले सम्मान को उन्होंने 140 करोड़ भारतीयों और भारत-इजराइल दोस्ती को समर्पित किया।
  2. भारत-इजराइल रिश्ते और मजबूत होंगे- दोनों देशों के रिश्ते भरोसे, लोकतंत्र और इंसानी मूल्यों पर बने हैं। अब इस रिश्ते को स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप का दर्जा देने का फैसला हुआ है। यह दोनों देशों के लोगों की उम्मीदों को दर्शाता है।
  3. व्यापार और टेक्नोलॉजी में सहयोग- दोनों देश व्यापार और निवेश बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। जल्द ही फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पूरा करने की कोशिश होगी। AI, क्वांटम टेक्नोलॉजी और जरूरी खनिज जैसे क्षेत्रों में साथ काम होगा। इजराइल में UPI इस्तेमाल के लिए समझौता हुआ है।
  4. रक्षा, अंतरिक्ष और ऊर्जा सहयोग- रक्षा क्षेत्र में दोनों दोशों का भरोसेमंद सहयोग है, जिसे और बढ़ाया जाएगा। जॉइंट डेवलपमेंट, प्रोडक्शन और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर पर काम होगा। सिविल न्यूक्लियर एनर्जी और स्पेस सेक्टर में भी साझेदारी बढ़ेगी।
  5. किसानों और गांवों के लिए नई पहल- कृषि क्षेत्र में दोनों देशों का सहयोग पहले से सफल रहा है। भारत में इजराइल की मदद से बने सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस की संख्या 100 तक बढ़ाई जाएगी। गांव-गांव तक नई खेती तकनीक पहुंचाने के लिए “विलेज ऑफ एक्सीलेंस” बनाए जाएंगे। इससे किसानों की आय और उत्पादन बढ़ेगा।
  6. लोगों और युवाओं को जोड़ने पर जोर- भारतीय कामगारों ने इजराइल में मेहनत से भरोसा जीता है। अब सहयोग को कॉमर्स और सर्विस सेक्टर तक बढ़ाया जाएगा। युवाओं और रिसर्चर्स को जोड़ने के लिए इंडिया-इजराइल अकादमिक फोरम बनेगा।
  7. वैश्विक मुद्दों पर साझेदारी- दोनों देशों ने IMEC कॉरिडोर और I2U2 ग्रुप जैसे प्रोजेक्ट आगे बढ़ाने पर चर्चा की। भारत और इजराइल का साफ संदेश है, दुनिया में आतंकवाद की कोई जगह नहीं। पश्चिम एशिया में शांति भारत के लिए भी जरूरी है, इसलिए भारत संवाद और शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम मोदी और पीएम नेतन्याहू।

भारत-इजराइल में FTA पर बातचीत का पहला दौर पूरा

भारत और इजराइल के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बातचीत का पहला दौर पूरा हो गया है। यह 23 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में शुरू हुआ था और यह 26 फरवरी 2026 तक चला।

नवंबर 2025 में दोनों देशों ने टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर साइन किए थे, जिससे यह तय हुआ कि किन मुद्दों पर बातचीत होगी और कैसे आगे बढ़ा जाएगा। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच कुल सामान का व्यापार 3.62 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 31 हजार करोड़ रुपए रहा।

दोनों देश कई क्षेत्रों में एक-दूसरे के लिए फायदेमंद हैं। यह एफटीए दोनों के बीच व्यापार बढ़ाने में मदद करेगा और कारोबारियों, खासकर छोटे और मध्यम उद्योगों को ज्यादा भरोसा और स्थिरता देगा।

इस बातचीत के दौरान दोनों देशों के एक्सपर्ट्स अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। इनमें गुड्स एंड सर्विसेज का व्यापार, रूल्स ऑफ ओरिजन, हेल्थ और पौधों से जुड़े नियम, व्यापार में आने वाली तकनीकी रुकावटें, कस्टम प्रोसेस, व्यापार को आसान बनाने के उपाय और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स जैसे मुद्दे शामिल हैं।

हिटलर के शासन में मारे गए यहूदियों की याद में बना ‘यद वाशेम’ स्मारक

याद वाशेम होलोकॉस्ट के दौरान मारे गए लाखों यहूदियों की याद में बनाया गया है। यह स्मारक इजराइल की राजधानी यरुशलम में स्थित है और हर साल दुनिया भर से लोग यहां आकर इतिहास को समझते हैं और श्रद्धांजलि देते हैं।

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी के तानाशाह एडॉल्फ हिटलर ने लगभग 60 लाख यहूदियों की हत्या कर दी थी। इस नरसंहार को होलोकॉस्ट कहा जाता है। इजराइल की संसद नेसेट ने साल 1953 में फैसला किया कि होलोकॉस्ट में मारे गए लोगों की याद में एक खास स्मारक बनाया जाए।

बाद में 2005 में यहां एक आधुनिक संग्रहालय खोला गया, ताकि आने वाली पीढियां इस त्रासदी को समझ सकें। याद वाशेम परिसर में होलोकॉस्ट संग्रहालय, हॉल ऑफ नेम्स, बच्चों का स्मारक और राइटियस अमंग द नेशंस गार्डन जैसी जगहें मौजूद हैं। यहां असली दस्तावेज, तस्वीरें और पीडितों की व्यक्तिगत कहानियां सुरक्षित रखी गई हैं।

याद वाशेम नाम का अर्थ है याद और नाम, यानी जिन लोगों को मिटाने की कोशिश की गई, उनकी याद हमेशा जिंदा रहे।

जर्मनी में हिटलर के शासन को दौरान लाखों यहूदी मारे गए थे। इस नरसंहार को होलोकॉस्ट कहा जाता है।

इजराइल के ‘यद वाशेम’ के म्यूजियम में होलोकॉस्ट में मारे गए लोगों से जुड़ी यादें मौजूद हैं। यहां उनके नाम और तस्वीरें लगाई गई हैं।

मोदी के इजराइल दौरे से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

02:51 PM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम मोदी भारत रवाना, नेतन्याहू एयरपोर्ट तक छोड़ने आए

पीएम मोदी दो दिन के इजराइल दौरे के बाद भारत के लिए रवाना हो गए हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू पीएम मोदी को छोड़ने के लिए एयरपोर्ट तक आए।

02:28 PM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम मोदी इजराइली वेब सीरीज ‘फौदा’ के एक्टर्स से मिले

पीएम मोदी ने अपने इजराइल दौरे के दौरान मशहूर इजराइली वेबसीरीज सीरीज ‘फौदा’ की कलाकारों से मुलाकात की। उन्होंने एक्स पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि अच्छी बात है कि इस मुलाकात के लिए सिर्फ एक सेल्फी की जरूरत पड़ी, अंडरकवर काम की नहीं।

इस सीरीज के डायरेक्टर लियोर राज सीजन 4 के प्रचार के लिए भारत आए थे। वे नवंबर 2022 में गोवा में हुए 53वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुए थे, जहां सीजन 4 के पहले एपिसोड का एशिया में प्रीमियर किया गया था। इसके बाद 2023 में यह एपिसोड नेटफ्लिक्स पर दुनिया भर में रिलीज हुआ।

लियोर राज ने एक इंटरव्यू में कहा था कि जब नेटफ्लिक्स ने इस शो को खरीदा, तो उन्हें सोशल मीडिया पर भारत से बहुत ज्यादा फॉलोअर्स मिलने लगे।

फौदा एक एक्शन थ्रिलर सीरीज है। इसमें डोरॉन काविलियो नाम के एक अंडरकवर इजराइली एजेंट की कहानी दिखाई गई है, जिसका किरदार लियोर राज ने निभाया है।

वह वेस्ट बैंक और गाजा में बड़े टारगेट का पीछा करता है। यह शो 2015 में इजराइल के नेटवर्क यस ओह पर शुरू हुआ था और बाद में नेटफ्लिक्स पर आने के बाद पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो गया।

02:14 PM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

PM मोदी इजराइल से भारत के लिए रवाना

PM मोदी अपना दो दिन का इजराइल दौरा पूरा करके भारत के लिए रवाना हो गए हैं। इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू उन्हें एयरपोर्ट तक छोड़ने आए।

12:13 PM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

भारत और इजराइल के बीच 16 MOU और समझौते साइन हुए

मिस्री ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद करीब 16 MOU और समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। ये समझौते विज्ञान, तकनीक, नवाचार, साइबर सिक्योरिटी, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा, व्यापार और आर्थिक सहयोग समेत कई क्षेत्रों से जुड़े हैं।

भारत-इजराइल संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फॉर पीस, इनोवेशन एंड प्रॉस्पेरिटी’ तक अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास और मजबूत साझेदारी का प्रतीक है।

12:07 PM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

‘मोदी इजराइली संसद का सम्मान पाने वाले पहले शख्स’

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत-इजराइल संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए PM मोदी को इजराइली संसद का सम्मान मिला। ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ पाने वाले पीएम मोदी पहले शख्स हैं।

मिस्री ने बताया कि आज सुबह पीएम मोदी ने यद वाशेम, वर्ल्ड होलोकॉस्ट रिमेम्ब्रेंस सेंटर में होलोकॉस्ट पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से मुलाकात की और राष्ट्रपति भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत ओक का पौधा लगाया।

पीएम मोदी और पीएम नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में दोनों देशों ने विज्ञान, तकनीक, नवाचार, साइबर सिक्योरिटी, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा, व्यापार और लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई।

11:59 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

विदेश सचिव बोले- PM का दौरा ‘रिच और प्रोडक्टिव’  

प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल दौरे को विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ‘रिच और प्रोडक्टिव’ बताया है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे से कुछ अधिक समय की यह यात्रा छोटी जरूर थी, लेकिन उपलब्धियों के लिहाज से बेहद समृद्ध रही।

विदेश सचिव ने कहा कि यह दौरा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हुआ और इससे भारत-इजराइल संबंधों को नई दिशा मिली है।

उन्होंने बताया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वे पश्चिम एशिया के देशों के साथ भारत के रिश्तों को सक्रिय रूप से मजबूत कर रहे हैं।

पिछले एक वर्ष में प्रधानमंत्री कुवैत, सऊदी अरब, जॉर्डन, ओमान और अब इजराइल की यात्रा कर चुके हैं। साथ ही इस क्षेत्र के कई राष्ट्राध्यक्ष और शासन प्रमुख भी भारत आ चुके हैं।

11:38 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी बोले- दुनिया में आतंकवाद की कोई जगह नहीं

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल इस बात पर पूरी तरह सहमत हैं कि दुनिया में आतंकवाद की कोई जगह नहीं है। किसी भी रूप में आतंकवाद को स्वीकार नहीं किया जा सकता। हम अब तक कंधे से कंधा मिलाकर आतंकवाद और उसका समर्थन करने वालों के खिलाफ खड़े रहे हैं और आगे भी खड़े रहेंगे।

पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता भारत की सुरक्षा से सीधे जुड़ी है। इसलिए हमने हमेशा बातचीत और शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन किया है। यही ग्लोबल साउथ और पूरी मानवता की भी मांग है।

गाजा पीस प्लान से शांति की दिशा में एक रास्ता बना है। भारत ने इन प्रयासों का पूरा समर्थन किया है। आगे भी हम सभी देशों के साथ बातचीत और सहयोग जारी रखेंगे।

11:35 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

भारत-इजराइल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ाने पर जोर देंगे

PM मोदी ने कहा कि दोनों देशों के युवाओं, रिसर्चर्स और नए विचारों पर काम करने वाले लोगों को आपस में जोड़ना हमारी बड़ी प्राथमिकता रही है। इसी दिशा में आज हम इंडिया-इजराइल अकादमिक फोरम की स्थापना कर रहे हैं, ताकि शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में सहयोग और मजबूत हो सके।

आज हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए हम इंडिया मिडिल ईस्ट यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) और इंडिया-इजराइल-UAE-USA समूह यानी I2U2 को नई गति से आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।

11:31 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

‘इजराइली तकनीक से लाखों भारतीय किसानों को फायदा होगा’

पीएम मोदी ने कहा कि इजराइल की नई तकनीक भारत के गांव-गांव तक पहुंचेगी और लाखों किसानों की आय और उत्पादन दोनों बढ़ेंगे। हम मिलकर भविष्य के लिए तैयार खेती के नए समाधान भी विकसित करेंगे। भारत में इंडिया-इजराइल इनोवेशन सेंटर फॉर एग्रीकल्चर की स्थापना इस सहयोग को और मजबूत आधार देगी।

11:29 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी बोले- भारत में 100 सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस बनाने का टारगेट

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल के बीच कृषि के क्षेत्र में लंबे समय से अच्छा और सफल सहयोग रहा है। आज हमने तय किया है कि इस सहयोग को भविष्य की जरूरतों के मुताबिक नई दिशा दी जाएगी।

इजराइल की मदद से भारत में बनाए गए सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस हमारी दोस्ती का बेहतरीन उदाहरण हैं। इनकी सफलता को देखते हुए हमने ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 100 तक करने का लक्ष्य रखा है। साथ ही अब विलेजेस ऑफ एक्सीलेंस बनाने पर भी काम हो रहा है।

11:27 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

नेतन्याहू बोले- इनोवेशन करने वाले देशों का ही भविष्य है

नेतन्याहू ने कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीक और AI की मदद से हर छात्र तक आसानी से पहुंचा जा सकता है और उसे उसकी पूरी क्षमता तक आगे बढ़ने का मौका दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले जो परेशानियां और सीमाएं थीं, अब वे नहीं रहीं।

उन्होंने कहा कि भविष्य उन्हीं देशों का है जो नई सोच और नए काम करते हैं। इजराइल और भारत दोनों ही नए विचार और तकनीक पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश बहुत पुरानी और महान सभ्यताएं हैं, जिन्हें अपने इतिहास पर गर्व है, लेकिन वे भविष्य को बेहतर बनाने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भारत और इजराइल मिलकर यह काम और बेहतर तरीके से कर सकते हैं।

11:21 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

नेतन्याहू बोले- मोदी एक मंत्री और राजदूत के साथ काबिल-ए-तारीफ काम कर रहे

बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि आपकी (मोदी) सरकार बेहद कुशल है। आप एक मंत्री और एक राजदूत के साथ जो काम कर सकते हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है।

उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच जो सोच और दिलों का जुड़ाव यहां देखने को मिला है, वह आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार-से-सरकार सहयोग, जिसका लंबे समय से इंतजार था अब नई गति पकड़ेगा और इससे दोनों देशों को एक-दूसरे से मिलने वाले बड़े फायदों को और बढ़ावा मिलेगा।

11:18 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

भारत-इजराइल जल्द FTA को अंतिम रूप देंगे

मोदी ने कहा कि आज की बैठक में हमने अपने सहयोग को नई दिशा देने और उसे तेजी से आगे बढ़ाने पर बात की। हमारा आर्थिक सहयोग विकास, नवाचार और साझा समृद्धि का मजबूत इंजन बना हुआ है। आपसी निवेश बढ़ाने के लिए हमने पिछले साल द्विपक्षीय निवेश समझौता किया था।

हम जल्द ही दोनों देशों के लिए फायदेमंद फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को भी अंतिम रूप देंगे। टेक्नोलॉजी हमारी भविष्य की साझेदारी का अहम हिस्सा है। आज हमने क्रिटिकल और उभरती टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप शुरू करने का फैसला किया है। इससे एआई, क्वांटम और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई रफ्तार मिलेगी।

मुझे यह बताते हुए खुशी है कि इजराइल में UPI के इस्तेमाल को लेकर भी समझौता किया गया है।

11:12 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

PM मोदी ने कहा- भारत-इजराइल की दोस्ती टाइम टेस्टेड

पीएम मोदी ने भारत और इजराइल रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दोस्तों हमारे संबंध गहरे विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की मजबूत आधारिशिलाओं पर आधारित हैं। उस पर स्थापित है। हमारे रिश्ते समय की हर कसौटी पर खरे उतरे हैं। आज हमने अपनी टाइम टेस्टेड साझेदारी को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

11:10 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी बोले- इजराइल का संसदीय सम्मान देने के लिए शुक्रिया

मोदी ने कहा कि कल मुझे इजराइल की संसद को संबोधित करने का मौका मिला। वहां मुझे स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल से भी सम्मानित किया गया। मैं इस सम्मान के लिए नेसेट के स्पीकर और मेरे मित्र PM नेतन्याहू और इजराइल के लोगों का हार्दिक धन्यवाद करता हूं। और इसे 140 करोड़ भारतवासी और भारत इजराइल मित्रता को समर्पित करता हूं।

11:06 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी बोले- PM नेतन्याहू का आभार जताता हूं

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि मेरे और भारतीय डेलीगेशन के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं PM नेतन्याहू का आभार व्यक्त करता हूं। 9 साल पहले मुझे इजराइल की यात्रा करने वाले पहले भारतीय PM बनने के सौभाग्य मिला था। एक बार फिर इजराइल की ऐतिहासिक भूमि पर कदम रखना, मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण है।

10:59 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

भारत और इजराइल ने कई MOU साइन किए

मोदी और नेतन्याहू की मौजूदगी में भारत और इजराइल ने कई MOU साइन किए।

10:45 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

भारत-इजराइल इकोनॉमिक और डिफेंस डील पर साइन करेंगे

पीएम मोदी और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्विपक्षीय बैठक के बाद कई आर्थिक, सुरक्षा और कूटनीतिक समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। इजराइली प्रधानमंत्री के X अकाउंट पर यह जानकारी दी गई।

पोस्ट में कहा गया कि बैठक खत्म होने के बाद दोनों देश समझौतों पर साइन करेंगे। इसके बाद नेतन्याहू और मोदी जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

10:40 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

इजराइली मंत्री बोलीं- आज भारत के साथ FTA की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे पर इजराइल की मंत्री गिला गमलीएल ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल आने से वे बहुत उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू और पीएम मोदी के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं और दोनों देश अपने रिश्तों को और मजबूत करना चाहते हैं।

गिला गमलीएल ने कहा कि आज कई मंत्री इजराइल और भारत के बीच समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। ये समझौते कृषि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, रक्षा और अन्य कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए होंगे।

उन्होंने कहा कि दोनों देश सबसे अच्छे दोस्त हैं और कई बातों को एक-दूसरे के साथ साझा कर सकते हैं। उन्होंने दोनों देशों के लोगों और दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच गहरे संबंध की बात भी कही।

फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत आज से होगी। उन्होंने कहा कि आगे चलकर सरकार और कंपनियों के स्तर पर भारत के साथ और ज्यादा साझेदारी देखने को मिलेगी।

10:21 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

इजराइली पीएम ने मोदी के साथ मीटिंग का वीडियो शेयर किया

पीएम मोदी और पीएम नेतन्याहू द्विपक्षीय मीटिंग करते हुए।

09:58 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम मोदी और नेतन्याहू की द्विपक्षीय मीटिंग शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की यरुशलम में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता शुरू हो गई है।

09:31 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

कुछ देर में मोदी-नेतन्याहू के बीच द्विपक्षीय बैठक

थोड़ी देर में PM मोदी इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान भारत और इजराइल के बीच ड्रोन की खरीद और जॉइंट मैन्युफैक्चरिंग समेत कई बड़े रक्षा समझौतों पर सहमति बन सकती है।

फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक 2026 में दोनों देशों के बीच 8.6 अरब डॉलर का रक्षा समझौता संभव है। इसमें प्रिसीजन गाइडेड बम और मिसाइल सिस्टम के साथ एडवांस ड्रोन भी शामिल हो सकते हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार भारत हैरोन MK-2 MALE ड्रोन खरीदने की योजना बना रहा है। यह ड्रोन 45 घंटे तक लगातार उड़ान भर सकता है, 470 किलोग्राम भार उठा सकता है और 35 हजार फीट की ऊंचाई तक जा सकता है।

इसके अलावा आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC), व्यापार और निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी व इनोवेशन में जैसे मुद्दों पर भी बातचीत संभव हैं। हालांकि संभावित समझौतों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

09:11 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी ने इजराइली राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता दिया

मोदी ने इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग को भारत आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि आप कुछ दिन समय निकाल कर भारत आए। हमें आपका स्वागत करने का अवसर दें।

09:08 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी बोले- इजराइल के दिलों में भारत के प्रति गहरा लगाव

मोदी बोले- इजराइल के दिलों में भारत और भारतीयों के प्रति गहरा लगाव है। भारत और इजराइल का संबंध मजबूती के साथ काम आ सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत-इजराइल संबंधों का उपयोग कई क्षेत्रों में वैश्विक भलाई को मजबूत करने के लिए किया जा सकता है। चाहे वह साइंस, इनोवेशन, एजुकेशन या एग्रीकल्चर हों। कुछ ऐसे क्षेत्र जिनमें हमारी विशेषज्ञता है, इनमें भारत, इजराइल की अच्छी चीजों को लागू करने की कोशिश कर रहा है और इसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।

08:57 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

इजराइली राष्ट्रपति बोले- भारत पूरी दुनिया का ध्यान खींच रहा

मोदी और इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग के बीच बातचीत शुरू हो गई है। इसाक ने मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है, जो पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।

उन्होंने कुशल भारतीय छात्रों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह चाहते है कि भारतीय छात्र इजराइल आए और पढ़ाई करे।

08:29 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम मोदी ने होलोकॉस्ट मेमोरियल में पौधा लगाया

पीएम मोदी और इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने होलोकॉस्ट मेमोरियल याद वाशेम में एक पौधा लगाया।

08:19 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

इजराइल के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी

होलोकॉस्ट मेमोरियल में श्रद्धांजलि देने के बाद मोदी ने इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की।

08:04 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी ने होलोकॉस्ट मेमोरियल का दौरा किया

मोदी को होलोकॉस्ट मेमोरियल के बारे में बताते प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू।

मोदी ने होलोकॉस्ट मेमोरियल के गेस्ट बुक पर साइन किए।

07:58 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी ने यहूदियों को श्रद्धांजलि दी

प्रधानमंत्री मोदी ने यरुशलम स्थित होलोकॉस्ट के स्मारक ‘याद वाशेम’ में मारे गए यहूदियों को श्रद्धांजलि दी।

याद वाशेम होलोकॉस्ट के दौरान मारे गए लाखों यहूदियों की याद में बनाया गया है। यह स्मारक इजराइल की राजधानी यरुशलम में स्थित है और हर साल दुनिया भर से लोग यहां आकर इतिहास को समझते हैं और श्रद्धांजलि देते हैं।

07:51 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

किन मुद्दों पर चर्चा हो सकती है

बैठक के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कृषि तकनीक और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है। व्यापार और इन्वेस्टमेंट को आगे बढ़ाने पर चर्चा भी होगी।

वार्ता के बाद कुछ अहम समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर और संयुक्त बयान जारी किया जा सकता है। रक्षा और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में नए करार भारत की आत्मनिर्भरता और मेक इन इंडिया पहल को मजबूती दे सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यक्रम के दौरान इजराइल में बसे भारतीय मूल के यहूदी समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात को सांस्कृतिक रिश्तों और लोगों के बीच जुडाव मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री भारत के लिए रवाना हो जाएंगे।

07:51 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

भारत-इजराइल में FTA पर बातचीत जारी

मोदी का यह दौरा ऐसे वक्त पर हो रहा है जब भारत और इजराइल के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बातचीत का पहला दौर 23 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में शुरू हुआ है और यह 26 फरवरी 2026 तक चलेगा।

नवंबर 2025 में दोनों देशों ने टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर साइन किए थे, जिससे यह तय हुआ कि किन मुद्दों पर बातचीत होगी और कैसे आगे बढ़ा जाएगा। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच कुल सामान का व्यापार 3.62 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 31 हजार करोड़ रुपए रहा।

दोनों देश कई क्षेत्रों में एक-दूसरे के लिए फायदेमंद हैं। यह एफटीए दोनों के बीच व्यापार बढ़ाने में मदद करेगा और कारोबारियों, खासकर छोटे और मध्यम उद्योगों को ज्यादा भरोसा और स्थिरता देगा।

इस बातचीत के दौरान दोनों देशों के एक्सपर्ट्स अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। इनमें गुड्स एंड सर्विसेज का व्यापार, रूल्स ऑफ ओरिजन, हेल्थ और पौधों से जुड़े नियम, व्यापार में आने वाली तकनीकी रुकावटें, कस्टम प्रोसेस, व्यापार को आसान बनाने के उपाय और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स जैसे मुद्दे शामिल हैं।

07:49 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

आयरन डोम डिफेंस सिस्टम पर भी बात हो सकती है

इजराइल भारत के साथ अपने एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम की टेक्नोलॉजी शेयर कर सकता है। यह जानकारी मुंबई में IANS को दिए इंटरव्यू में इजराइल के कॉन्सुल जनरल यानिव रेवाच ने दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच एजेंडे में आयरन डोम को लेकर बातचीत भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि इजराइल इस टेक्नोलॉजी को भारत के साथ शेयर करने के लिए है। रेवाच ने कहा कि दोनों देशों के बीच पहले से मजबूत रक्षा संबंध है। अब इसे आगे बढ़ाते हुए भारत में सैन्य उपकरणों के निर्माण पर फोकस किया जाएगा।

07:49 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

एयरपोर्ट पर नेतन्याहू-मोदी ने प्राइवेट बातचीत की थी

मोदी को रिसीव करने के दौरान 25 फरवरी को एयरपोर्ट पर ही मोदी और नेतन्याहू ने राजधानी तेल अवीव में प्राइवेट बातचीत भी की। इसके बाद वे होटल पहुंचे जहां, प्रवासी भारतीयों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कलाकारों ने परफॉर्मेंस भी दी। मोदी का यह 9 साल बाद दूसरा इजराइल दौरा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में तेल अवीव गए थे।

मोदी के संबोधन की 5 बड़ी बातें…

140 करोड़ भारतीयों का संदेश: 140 करोड़ भारतीयों की ओर से आपके लिए शुभकामनाएं, मित्रता, सम्मान और मजबूत साझेदारी का संदेश लेकर आया हूं।

यहूदी सुरक्षा: गर्व से कह सकता हूं कि भारत में यहूदी समुदाय बिना किसी डर, भेदभाव या उत्पीड़न के साथ रहा है। उन्होंने अपनी आस्था को सुरक्षित रखा और समाज में पूरी भागीदारी की।

2 हजार साल पुराने रिश्ते: भारत और इजराइल का रिश्ता 2 हजार साल से भी पुराना है। बुक ऑफ एस्तेर में भारत का जिक्र मिलता है और तलमुद में हमारे व्यापारिक संबंधों का उल्लेख है।

आतंकवाद: किसी भी कारण से आम नागरिकों की हत्या को सही नहीं ठहराया जा सकता। आतंकवाद कभी भी जायज नहीं है। भारत ने भी आतंकवाद का दर्द झेला है, इसलिए हमारी नीति स्पष्ट और सख्त है।

गाजा समर्थन: UNSC समर्थित गाजा शांति पहल का समर्थन करता हूं। मुझे विश्वास है कि यह पहल क्षेत्र में न्यायपूर्ण और स्थायी शांति ला सकती है। भारत बातचीत, शांति और स्थिरता के लिए आपके साथ खड़ा है।

नेतन्याहू के संबोधन की 2 बड़ी बातें…

भारत में यहूदियों: भारत एक ऐसी सभ्यता है, जहां यहूदियों को कभी सताया नहीं गया। भारत का धन्यवाद, वहां यहूदी समुदाय का हमेशा स्वागत और सम्मान किया गया।

भारत-इजरायल रिश्ते: दोनों देशों के संबंध सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि दिल से जुड़े हुए हैं। भारत और इजराइल का गठबंधन दोनों देशों की ताकत को कई गुना बढ़ा देता है।

07:48 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

तस्वीरों में कल का दौरा…

प्रधानमंत्री मोदी इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ एक ही कार में होटल तक आए।

बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ही नेत्नयाहू और मोदी ने प्राइवेट बातचीत की।

इजराइली संसद ने स्पीकर अमीर ओहाना ने हिंदी में PM मोदी का नेसेट में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यरुशलम में आपका स्वागत है।

इजराइली संसद नेसेट में पीएम मोदी, इजराइली पीएम नेतन्याहू उनकी पत्नी और केनेसट के स्पीकर अमीर ओहाना ने तस्वीर खिंचाई।

07:48 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी के इजराइल दौरे की टाइमिंग पर सवाल उठे

मोदी के इजराइल दौरे की टाइमिंग को लेकर विदेश मामलों की स्थायी संसदीय समिति ने सवाल उठाए हैं। यह दौरा ऐसे वक्त हो रहा है जब पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ रहा है। अमेरिका की सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं।

सोमवार को समिति की बैठक में कुछ सांसदों ने सवाल उठाया कि जब भारत ने अपने नागरिकों को संभावित अमेरिकी हमले के खतरे के कारण ईरान छोड़ने की सलाह दी है, तो ऐसे समय में प्रधानमंत्री का इजराइल जाना कितना उचित है।

इस पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि सभी प्रधानमंत्री स्तर की यात्राएं सुरक्षा को ध्यान में रखकर तय की जाती हैं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि तनाव बढ़ने पर दौरा रद्द होगा या नहीं।

बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष शशि थरूर ने की थी। कुछ सांसदों ने आरोप लगाया कि सरकार विदेश नीति में अमेरिका के प्रभाव को ज्यादा महत्व दे रही है और इससे भारत की रणनीतिक स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है।

07:47 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

मोदी इजराइल जाने वाले एकमात्र भारतीय PM

मोदी इजराइल का दौरा करने वाले अब तक एकमात्र भारतीय प्रधानमंत्री हैं। 70 साल तक किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने इजराइल की यात्रा नहीं की थी। 2017 में मोदी ने यह ऐतिहासिक कदम उठाया और दोनों देशों के रिश्तों में नई शुरुआत की।

भारत ने 1950 में इजराइल को मान्यता दी, 1992 में कूटनीतिक संबंध स्थापित किए, लेकिन प्रधानमंत्री स्तर की यात्रा नहीं हुई। इसकी एक बड़ी वजह भारत की पारंपरिक फिलिस्तीन-समर्थक नीति रही।

जुलाई 2017 में मोदी की पहली यात्रा को ‘पाथ-ब्रेकिंग’ कहा गया। उस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, कृषि, जल प्रबंधन और टेक्नोलॉजी से जुड़े सेक्टर्स में समझौते हुए।

07:47 AM26 फ़रवरी 2026

  • कॉपी लिंक

कभी इजराइल बनने के खिलाफ था भारत

भारत और इजराइल के संबंधों में भले ही आज गर्मजोशी देखी जाती है, लेकिन शुरुआत में भारत इजराइल बनने के ही खिलाफ था। भारत नहीं चाहता था कि फिलिस्तीन को बांटकर इजराइल बनाया जाए।

महात्मा गांधी ने 1938 में अपने साप्ताहिक पत्र हरिजन में लिखा कि फिलिस्तीन उतना ही अरबों का है जितना इंग्लैंड अंग्रेजों का और फ्रांस फ्रांसीसियों का। उन्होंने यहूदियों के साथ हो रहे जर्मन अत्याचारों पर सहानुभूति जताई, लेकिन साथ ही कहा कि किसी पीड़ित समुदाय की समस्या का समाधान दूसरे समुदाय की जमीन पर उन्हें बसाकर नहीं किया जा सकता।

1947 में जब संयुक्त राष्ट्र ने फिलिस्तीन को दो हिस्सों यहूदी राज्य (इजराइल) और अरब राज्य (फिलिस्तीन) में बांटने का प्रस्ताव रखा, तब भारत ने इसका विरोध किया। भारत का मानना था कि यह विभाजन बाहरी दबाव में किया जा रहा है और इससे स्थायी शांति नहीं आएगी।

स्वतंत्रता के बाद भी भारत अपने रुख पर कायम रहा। 1949 में जब इजराइल की संयुक्त राष्ट्र सदस्यता पर मतदान हुआ, तो भारत ने उसके खिलाफ वोट दिया।

इस दौर की नीति ने भारत की विदेश नीति की नींव रखी। यही कारण है कि शुरुआती दशकों में भारत ने खुद को फिलिस्तीनी अधिकारों का समर्थक और पश्चिम एशिया की राजनीति में संतुलन बनाने वाले देश के रूप में स्थापित किया।

———————————

ये खबर भी पढ़ें…

मोदी को इजराइली संसद का सर्वोच्च सम्मान:PM ने हमास हमले की निंदा की, कहा- आपका दर्द समझते हैं; नेतन्याहू बोले- मोदी एशिया के शेर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिन के इजराइल दौरे पर पहुंचे। इस दौरान इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर मोदी को रिसीव किया। पूरी खबर पढ़ें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here