
वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति के टैरिफ को पलटने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर ट्रंप का नया बयान सामने आया है। उन्होंने अपनी एक नई पोस्ट में सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर दोबारा गहरी निराशा जाहिर की है। ट्रंप ने पोस्ट में कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट का टैरिफ से संबंधित हालिया निर्णय उन देशों और कंपनियों को सैकड़ों अरबों डॉलर वापस करने की अनुमति दे सकता है, जिन्होंने कई वर्षों से संयुक्त राज्य अमेरिका को ‘लूटा’ है।
क्या पुनः विचार संभव है?
ट्रंप ने अपने इस पोस्ट के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। ट्रंप ने पोस्ट में लिखा है कि अब इस निर्णय के अनुसार, जिन कंपनियों और देशों ने अमेरिका को वर्षों से लूटा है, वे अब आगे भी ऐसा करना जारी रख सकते हैं, बल्कि और भी बढ़े हुए स्तर पर… क्या इस मामले की पुनः सुनवाई या दोबारा निर्णय संभव है???
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप के पोस्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर उठाया सवाल
ट्रंप ने यह पोस्ट अपने ट्रुथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की है, जिसमें उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को “अत्यधिक निराशाजनक” बताया है। बता दें कि अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने यह फैसला 20 फरवरी को 6-3 के बहुमत से सुनाया था, जिसमें कोर्ट ने ट्रंप द्वारा लगाए गए वैश्विक टैरिफ़ को असंवैधानिक घोषित किया था, क्योंकि उन्होंने इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) का दुरुपयोग किया था। ट्रंप का कहना है कि इससे विदेशी देशों और कंपनियों को “अनुचित विन्डफॉल” मिल सकता है, और उन्होंने पूछा है कि क्या मामले की दोबारा सुनवाई हो सकती है, हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार सुप्रीम कोर्ट द्वारा पुनः सुनवाई बहुत दुर्लभ है।









