
अमेरिका-इजराइल हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत:बेटी-दामाद, बहू-पोती भी मारी गईं; ईरान की सेना बोली- थोड़ी देर में सबसे खतरनाक हमला करेंगे
तेल अवीव/तेहरान13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। ईरान की मीडिया तसनीम और फार्स समाचार एजेंसियों ने इसकी पुष्टि की है। हमले में खामेनेई की बेटी, दामाद, पोती और बहू भी मारे गए हैं। ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक और सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टियों की घोषणा की गई है।
खामेनेई की मौत के बाद ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने दुख जताया है। ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक, IRGC ने कहा कि ‘हमने एक महान नेता खो दिया है और पूरा देश उनका शोक मना रहा है।’
ईरानी सेना ने खतरनाक अभियान की शुरुआत की घोषणा की है। सेना ने कहा कि यह हमला कुछ ही देर में शुरू होगा और क्षेत्र में कब्जे वाले क्षेत्रों और अमेरिकी आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाएगा।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने खामेनेई की मौत का दावा किया था। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि इतिहास के सबसे क्रूर व्यक्तियों में से एक खामेनेई मारा गया। यह ईरान की जनता के साथ-साथ अमेरिका और दुनियाभर के देशों के लिए न्याय है।
दरअसल, इजराइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान में राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हमला किया। ईरान ने भी इजराइल पर पलटवार करते हुए जवाबी हमले किए।
इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग से जुड़ी 7 तस्वीरें…
यह तस्वीर सुप्रीम लीडर खामेनेई के घर पर हुए हमले की है, जिसे सेटेलाइट से लिया गया है। हमले के बाद घर मलबे में तब्दील हुआ नजर आ रहा है। (सोर्स-NYT)
इजराइल के तेल अवीव में मिसाइल के टकराने से जोरदार विस्फोट हुआ।
तेल अवीव में ईरानी मिसाइल हमले के बाद क्षतिग्रस्त अपार्टमेंट से लोग जान बचाकर बाहर भागते हुए।
ईरानी हमले में तेल अवीव में कई गाड़ियां जल कर राख हो गईं। एक दमकलकर्मी हमले के बाद जलती हुई कार को बुझाता हुआ।
ईरानी हमले के बाद इजराइल के एक इलाके में 4 फीट गहरा गड्ढा बन गया।
ईरान की राजधानी तेहरान में सुप्रीम लीडर खामेनेई के घर के पास हमला हुआ।
ईरान में इजराइली हमले के बाद कई लोग मलबे में दब गए, जिन्हें बाद में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर निकाला गया।
अयातुल्ला अली खामेनेई के बारे में जानिए…
- अयातुल्ला अली खामेनेई का जन्म 19 अप्रैल 1939 को ईरान के धार्मिक शहर मशहद में एक मौलवी परिवार में हुआ था। वे खोमैनी शाह की नीतियों के खिलाफ थे और इस्लामी शासन की वकालत करते थे।
- 1963 में शाह के खिलाफ भाषण देने पर उन्हें गिरफ्तार भी किया गया। धीरे-धीरे वे सरकार विरोधी आंदोलन का बड़ा चेहरा बन गए और खोमैनी के भरोसेमंद सहयोगी माने जाने लगे।
- 1979 में ईरान में इस्लामी क्रांति हुई और शाह की सरकार गिर गई। खोमैनी देश लौटे और नई इस्लामी सरकार बनाई। खामेनेई को क्रांतिकारी परिषद में जगह मिली और बाद में उप रक्षामंत्री बनाया गया।
- 1981 में तेहरान की एक मस्जिद में भाषण के दौरान खामेनेई पर बम हमला हुआ। उसी साल एक और बम धमाके में तत्कालीन राष्ट्रपति की मौत हो गई। इसके बाद हुए चुनाव में खामेनेई भारी बहुमत से जीतकर ईरान के तीसरे राष्ट्रपति बने।
- 1989 में खोमैनी के निधन के बाद खामेनेई को देश का सर्वोच्च नेता यानी ‘रहबर’ बनाया गया। इसके लिए संविधान में बदलाव भी किया गया। समर्थक उन्हें इस्लामी व्यवस्था का मजबूत रक्षक मानते हैं, जबकि आलोचक उन पर सख्त और कट्टर शासन चलाने का आरोप लगाते हैं।
खामेनेई की 3 तस्वीरें…
1981 में हत्या की कोशिश के बाद घायल खामेनेई को दक्षिणी तेहरान के बहारलू हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था।
ईरान की इस्लामिक क्रांति के एक प्रोटेस्ट में खामेनेई।
1980 में तेहरान यूनिवर्सिटी के बाहर बैठे खामेनेई। वो अपनी सादगी के लिए जाने जाते थे।
ईरान में 200 लोगों की मौत, 740 घायल
शनिवार रात ईरान की राजधानी तेहरान और उसके आसपास कई स्थानों पर हमले हुए थे। ईरानी सरकारी मीडिया ने राजधानी में कई धमाकों की पुष्टि की थी।
ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों से अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने दी है।
ईरान के एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 85 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 45 घायल हैं। इजराइल और अमेरिका ने ईरान पर किए हमले में 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया।
ईरान का पलटवार- इजराइल समेत 9 देशों पर हमला
अमेरिका और इजराइल के हमले के जवाब में ईरान ने भी ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इन हमलों में इजराइल समेत मिडिल-ईस्ट के 9 देशों को निशाना बनाया गया।
ईरान ने इजराइल पर करीब 400 मिसाइलें दागीं और कतर, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब व UAE में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। इतना ही नहीं, ईरान ने UAE के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर दुबई पर भी हमला किया।
ईरान ने दुबई के पाम होटल एंड रिसोर्ट और बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला किया। इसके अलावा बहरीन में कई रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया।
ईरान-इजराइल के बीच विवाद
1. न्यूक्लियर प्रोग्राम: अमेरिका को शक है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर सकता है। इसी वजह से उसने कई बार उस पर पाबंदियां लगाईं। ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम सिर्फ बिजली बनाने और वैज्ञानिक रिसर्च के लिए है, हथियार बनाने के लिए नहीं। 2. बैलिस्टिक मिसाइल मुद्दा: परमाणु समझौते की बातचीत में ईरान का मिसाइल प्रोग्राम सबसे बड़ा अड़ंगा बना हुआ है। ईरान साफ कहता है कि उसकी बैलिस्टिक मिसाइलें उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी हैं और इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा। वह इसे अपनी “रेड लाइन” मानता है। 3. इजराइल को लेकर टकराव: अमेरिका, इजराइल का सबसे बड़ा समर्थक है। वहीं ईरान इजराइल का खुलकर विरोध करता है और उस पर क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाता है। यही वजह है कि दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ जाता है। 4. मिडिल ईस्ट में दखल: अमेरिका का आरोप है कि ईरान इराक, सीरिया, लेबनान और यमन जैसे देशों में अपने समर्थक गुटों को मदद देकर अपना प्रभाव बढ़ा रहा है। ईरान कहता है कि वह अपने हितों और सहयोगियों की रक्षा कर रहा है। 5. आर्थिक पाबंदियां: अमेरिका ने ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं, जिससे उसकी अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा है। इसके जवाब में ईरान भी कभी अपने परमाणु कार्यक्रम को तेज करने या सख्त बयान देने जैसे कदम उठाता है।
इजराइल-ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
ईरानी क्राउन प्रिंस ने खामेनेई की मौत पर ट्रम्प को शुक्रिया कहा
ईरान के अंतिम शाह के निर्वासित बेटे रजा पहलवी ने कहा है कि खामेनेई की मौत देश के लिए बड़ा मोड़ साबित हो सकती है। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प को शुक्रिया किया।
पहलवी ने ईरानी लोगों को कहा कि आपकी आजादी का समय आ गया है। उन्होंने वॉशिंगटन पोस्ट ने लिखा कि पिछले करीब 50 सालों में खामेनेई सरकार ने न सिर्फ पड़ोसी देशों की सीमाओं का उल्लंघन किया, बल्कि दुनिया में कई संघर्षों को भड़काया और परमाणु हथियार तथा लॉन्ग रेंज की मिसाइलों पर काम किया।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी गलती खुद ईरान में हुई, जहां जनवरी में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हजारों लोगों की मौत हुई। पहलवी का सुझाव है कि अब देश को नई दिशा देने के लिए नया संविधान बनाया जाए, जिसे जनता की वोटिंग (रेफरेंडम) से मंजूरी मिले। उसके बाद स्वतंत्र चुनाव हों, जिन पर अंतरराष्ट्रीय निगरानी भी रहे।
उन्होंने लिखा कि इतिहास अक्सर अपने बड़े बदलाव पहले नहीं बताता, लेकिन ऐसे मौके आते हैं जब साहस, नेतृत्व और एकजुटता देश की दिशा बदल सकते हैं।
ईरानी सेना ने अमेरिका के 27 मिलिट्री ठिकानों पर हमले किए
ईरान की इस्लामी रिव्यूलेशनरी गॉर्ड्स कोर (IRGC) ने कहा है कि अमेरिका और इजराइल के हमलों के जवाब में वह मिडिल ईस्ट में 27 अमेरिकी ठिकानों पर हमला कर रही है।
IRGC ने बताया कि उन्होंने बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। इनमें 27 अमेरिकी ठिकानों के अलावा तेल अवीव में तेल नोफ एयरबेस, इजराइली सेना मुख्यालय और डिफेंस इंडस्ट्री कॉम्पेक्स भी शामिल हैं।
कतर की राजधानी दोहा में 11 धमाके
कतर की राजधानी दोहा में कई धमाकों की आवाज सुनाई दी है। लोग के मुताबिक कम से कम 11 धमाके हुए हैं। अभी तक यह साफ नहीं है कि धमाकों की वजह क्या है और कितना नुकसान हुआ है।
खामेनेई की मौत के बाद ईरान में शोक
खामेनेई की मौत के बाद ईरान की सड़कों पर लोग शोक मना रहे हैं।
ईरान पर हमले से दुनिया में तेल की कीमतें बढ़ने का खतरा
अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद दुनिया के तेल बाजार में हलचल मच गई है। यह इलाका दुनिया के करीब 20% तेल की सप्लाई देता है, इसलिए यहां लड़ाई बढ़ने से पूरी दुनिया में तेल की कमी और महंगाई बढ़ सकती है।
रॉयटर्स के मुताबिक, अगर तनाव जल्दी खत्म नहीं हुआ, तो सोमवार को बाजार खुलते ही तेल की कीमतें तेज़ी से बढ़ सकती हैं। अभी हाल ही में कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, जो कई महीनों में सबसे ज्यादा है।
ईरान के खार्ग आइलैंड के पास भी धमाके की खबर है। यहां से ईरान का ज्यादातर तेल बाहर जाता है। राहत की बात यह है कि अभी तक होर्मुज स्ट्रैट मध्य से गुजरने वाले जहाजों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। यह समुद्री रास्ता दुनिया के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से रोज लाखों बैरल तेल गुजरता है।
ईरानी हमले में दुबई में 4 लोग घायल
दुबई सरकार के अनुसार, दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई एक घटना में चार लोग घायल हो गए हैं।
सरकार ने बताया कि अबू धाबी के जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई एक अलग घटना में, एक ड्रोन को रोके जाने के दौरान गिरे मलबे से एक एशियाई नागरिक की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।
04:08 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
कतर में ईरानी हमलों से 16 लोग घायल
कतर के गृह मंत्रालय का कहना है कि ईरानी हमलों के बाद आठ और लोग घायल हुए हैं, जिससे हमले की शुरुआत से लेकर अब तक घायलों की कुल संख्या 16 हो गई है।
04:04 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
इराक के इरबिल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला
इराक के उत्तरी शहर इरबिल के एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन गिरने की खबर है। लोकल रिपोर्टों के मुताबिक, ड्रोन गिरने के बाद वहां से काला धुआं उठता देखा गया। अभी यह साफ नहीं है कि ड्रोन किसने भेजा था और कितना नुकसान हुआ है।
इससे पहले भी ईरान की तरफ से इरबिल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया था, लेकिन उस समय एयर डिफेंस सिस्टम ने ड्रोन को हवा में ही रोक लिया था। अमेरिका के सैनिक अभी भी इस इलाके में तैनात हैं।
03:58 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
दावा- खामेनेई के बेटे नए सुप्रीम लीडर बने
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर चुन लिया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
03:53 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली हमले में 118 ईरानी छात्राओं की मौत
ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, दक्षिणी शहर मीनाब में एक लड़कियों के स्कूल पर हुए अमेरिका-इजराइल हमले में अब तक 118 छात्राओं की मौत हो चुकी है। यह स्कूल एक ईरानी सैन्य बेस से करीब 200 फीट (लगभग 61 मीटर) की दूरी पर है।
03:53 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में मातम मनाती महिलाएं
03:48 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली हमले में खामेनेई के सलाहकार अली शमखानी की मौत
इजराइली हमले में ईरान रक्षा परिषद के सचिव और खामेनेई के सलाहकार अली शमखानी की मौत हो गई है। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी इरना ने यह जानकारी दी। इससे पहले (IRGC) के कमांडर-इन-चीफ मोहम्मद पाकपुर की भी मौत हो गई थी।
03:46 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अब ईरान से समझौता करना आसान
ट्रम्प ने कहा है कि ईरान पर हमला करने के बाद अब समझौता करना पहले से आसान हो गया है। उन्होंने CBS न्यूज से बात करते हुए कहा कि अब हालात पहले से बेहतर हैं। एक दिन पहले की तुलना में अब बातचीत करना ज्यादा आसान है, क्योंकि उन्हें काफी नुकसान हुआ है।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमला किया, लेकिन वह उनकी उम्मीद से कम था। उनके मुताबिक, हमें लगा था कि हमला इससे दोगुना होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
03:43 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
इराक के अमेरिकी बेस पर ईरान का हमला
इराक के इरबिल में अमेरिकी मिलिट्री बेस पर ईरान ने हमला किया है।
03:42 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी हमले में 1 इजराइली महिला की मौत
इजराइल पर ईरान के बड़े मिसाइल हमले में अब तक एक इजराइली महिला की मौत हो गई है और 121 लोग घायल हुए हैं। इजराइली एंबुलेंस सेवा के मुताबिक, ज्यादातर लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
इजराइली सेना का कहना है कि उसने ज्यादातर मिसाइल और ड्रोन रास्ते में ही गिरा दिए, लेकिन कुछ मिसाइलें तेल अवीव और बेत शेमेश तक पहुंच गईं, जिससे वहां नुकसान हुआ।
मिसाइलों के टुकड़े कब्जे वाले वेस्ट बैंक में भी गिरे। कल्किलिया के पास मलबा गिरा, हालांकि यह साफ नहीं है कि वह रॉकेट का हिस्सा था या उसे रोकने वाली मिसाइल का।
03:40 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में सत्ता संभालने के लिए तीन लोगों की कमेटी बनी
ईरान की सरकारी एजेंसी इरना के मुताबिक, देश में सत्ता संभालने के लिए फिलहाल तीन लोगों की एक अस्थायी समिति बनाई गई है।
इस समिति में देश के राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट (न्यायपालिका) के प्रमुख और गार्डियन काउंसिल के एक धर्मगुरु शामिल होंगे। ये तीनों मिलकर अभी के लिए देश का पूरा कामकाज संभालेंगे।
जब तक नया सर्वोच्च नेता नहीं चुना जाता, तब तक यही तीन सदस्य टीम सभी बड़े फैसले लेगी, ताकि देश की सरकार और सिस्टम बिना रुके चलता रहे।
03:19 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- सऊदी अरब के कहने पर ट्रम्प ने ईरान पर हमला किया
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने ईरान पर हमला करने का फैसला सऊदी अरब के कहने पर लिया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने पिछले एक महीने में ट्रम्प को कई बार निजी तौर पर फोन किए और ईरान पर कार्रवाई करने की बात कही।
हालांकि सार्वजनिक तौर पर मोहम्मद बिन सलमान डिप्लोमैटिक हल की बात करते रहे, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक निजी बातचीत में उन्होंने सैन्य कदम उठाने का समर्थन किया। इस दावे पर अभी तक अमेरिका या सऊदी अरब की तरफ से आधिकारिक बयान नहीं आया है।
03:04 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई की मौत के बाद कर्बला में शोक का माहौल
कर्बला में इमाम हुसैन की दरगाह पर अयातुल्ला खामेनेई की मौत की खबर मिलते ही तीर्थयात्री रोने लगे।
03:02 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
दावा- अहमद वाहिदी नए ईरानी आर्मी चीफ होंगे
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अहमद वाहिदी ईरान के नए आर्मी चीफ होंगे।
अहमद वाहिदी ईरान के बड़े सैन्य और राजनीतिक नेताओं में गिने जाते हैं। वे इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े रहे हैं।
1979 की इस्लामी क्रांति के बाद वे IRGC में शामिल हुए। 1988 से 1998 तक वे कुद्स फोर्स के कमांडर रहे। कुद्स फोर्स ईरान की वह यूनिट है जो विदेशों में उसकी रणनीतिक और सैन्य गतिविधियां संभालती है।
2009 में उन्हें ईरान का रक्षा मंत्री बनाया गया। उनके कार्यकाल में ईरान ने मिसाइल और हथियार बनाने के अपने कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। उनका नाम 1994 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में हुए AMIA बम धमाके से भी जोड़ा गया। अर्जेंटीना ने उन पर आरोप लगाए और इंटरपोल ने उनके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था।
02:58 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल बोला- ईरान के 30 ठिकानों को निशाना बनाया
इजराइल की सेना ने कहा है कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान पर हमलों में 30 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है।
सेना ने एक बयान में कहा, ‘सैन्य खुफिया जानकारी के बाद वायु सेना के दर्जनों लड़ाकू विमानों ने हमला किया।’
इजराइल ने कहा कि ईरान में हवाई रक्षा प्रतिष्ठानों, मिसाइल ठिकानों, सैन्य मुख्यालयों और अन्य सरकारी इमारतों पर हमले जारी रहेंगे।
02:55 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना ने खामेनेई के घर पर 30 बम गिराए थे
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल और अमेरिका की खुफिया एजेंसियां काफी समय से ऐसे मौके की तलाश में थीं, जब ईरान के बड़े नेता एक साथ किसी मीटिंग में मौजूद हों।
बताया गया है कि शनिवार सुबह उन्हें ऐसा मौका मिला। इजराइली सूत्रों के अनुसार, तीन अहम बैठकों का पता चला था, जिनमें एक बैठक में खामेनेई भी शामिल थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, मौके को अहम मानते हुए दिन में ही हमला किया गया। इजराइली लड़ाकू विमानों ने खामेनेई के घर पर करीब 30 बम गिराए, जिससे इमारत पूरी तरह तबाह हो गई।
CBS की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में करीब 40 ईरानी अधिकारी मारे गए। इनमें खामेनेई के करीबी सलाहकार अली शमखानी, रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर मोहम्मद पाकपुर और रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह भी शामिल बताए जा रहे हैं।
02:43 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी सेना बोली- अब तक का सबसे खतरनाक हमला करेंगे
ईरान की फार्स समाचार एजेंसी के मुताबिक ईरानी सेना ने खतरनाक अभियान की शुरुआत की घोषणा की है।
सेना ने कहा कि यह हमला कुछ ही देर में शुरू होगा और क्षेत्र में कब्जे वाले क्षेत्रों और अमेरिकी आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाएगा।
02:25 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी सेना ने खामेनेई की मौत पर दुख जताया
अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने दुख जताया है। ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक, IRGC ने कहा कि “हमने एक महान नेता खो दिया है और पूरा देश उनका शोक मना रहा है।”
IRGC ने उनकी मौत को शहादत बताया और कहा कि दुश्मनों ने उन्हें निशाना बनाया। बयान में कहा गया कि खामेनेई ने देश और इस्लाम के लिए सच्ची सेवा की और उनकी कुर्बानी इसे साबित करती है।
साथ ही IRGC ने चेतावनी दी कि इस हमले का बदला लिया जाएगा। उसने कहा कि ईरानी जनता जिम्मेदार लोगों को नहीं छोड़ेगी और संगठन देश के अंदर और बाहर हर साजिश का डटकर सामना करेगा।
02:18 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान पर हमले का फुटेज जारी किया
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शनिवार रात एक नया वीडियो जारी किया, जिसमें ईरान के ठिकानों पर किए गए अमेरिकी हमलों को दिखाया गया है। वीडियो में लड़ाकू विमान, युद्धपोत और मिसाइल सिस्टम के जरिए हमले कर रहे हैं।
02:15 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी रक्षा मंत्री बोले- ईरानी नौसेना को नष्ट कर देंगे
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने घोषणा की है कि ईरानी नौसेना को नष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा है कि अमेरिकी सैन्य बल ट्रम्प के मकसद को पूरा करके रहेगी।
X पर एक पोस्ट में, हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों के बाद ईरान द्वारा जवाबी हमला शुरू करने के बाद वॉशिंगटन अमेरिकियों को निशाना बनाने वाली मिसाइलों को बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, “ईरान के मिसाइल उत्पादन के साथ-साथ उन मिसाइलों को भी नष्ट कर दिया जाएगा। ईरानी नौसेना को नष्ट कर दिया जाएगा।”
01:57 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे बन सकते हैं सुप्रीम लीडर
ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई ने अपने दूसरे बेटे मुजतबा खामेनेई को साल 2024 में उत्तराधिकारी बनाया था। खामेनेई ने बीमारी के चलते यह फैसला लिया था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान की एक्सपर्ट असेंबली ने 26 सितंबर 2024 को ही नए सुप्रीम लीडर का चुनाव कर लिया था। खुद खामेनेई ने असेंबली के 60 सदस्यों को बुलाकर गोपनीय तरीके से उत्तराधिकारी पर फैसला लेने कहा था। असेंबली ने सर्वसम्मति से मुजतबा के नाम पर सहमति जताई थी।
अब खामेनेई की मौत की खबर के बाद मुजतबा सुप्रीम लीडर के दावेदार के तौर पर सामने आ सकते हैं।
01:50 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई की मौत के बाद ईरान में जश्न का माहौल
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत की खबर के बाद ईरान के अलग-अलग इलाकों में जश्न मनाने की खबरें सामने आई है।
रिपोर्ट्स से पता चलता है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में जश्न मनाया जा रहा है। ईरानी एक्टिविस्ट और जर्नलिस्ट, मसीह अलीनेजाद ने ऐसा ही एक वीडियो इस मैसेज के साथ पोस्ट किया, “ईरान के अंदर जश्न मनाते ईरानी लोगों का एक वीडियो, क्या मैं सपना देख रहा हूं?हैलो, न्यू वर्ल्ड”
01:44 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
दावा- ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक
ईरानी मीडिया का दावा ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
इसके अलावा सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टियों की भी घोषणा की गई।
01:33 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी मीडिया का दावा- अली खामेनेई मारे गए
तसनीम और फार्स समाचार एजेंसियों ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की पुष्टि की है।
हालांकि, ईरानी सरकार ने इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
01:27 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- खामेनेई की मौत के बाद ईरान का नेतृत्व कौन करेगा, यह जानता हूं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिकी सीबीएस नेटवर्क को बताया कि ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान का नेतृत्व कौन करे, इस बारे में उनके पास एक विचार है।
उन्होंने कहा, ‘मुझे ठीक-ठीक पता है, लेकिन मैं अभी बता नहीं सकता। कुछ अच्छे उम्मीदवार हैं।’
01:22 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल का दावा- 40 ईरानी अधिकारी मारे गए
अमेरिकी-इजरायली हमलों में लगभग 40 वरिष्ठ ईरानी अधिकारी मारे गए है। इजराइली मीडिया वाइनेट ने CBS के खुफिया और सैन्य सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
नेटवर्क ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि वे सभी एक ही स्थान पर थे या अलग-अलग स्थानों पर।
01:11 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
UN महासचिव बोले- ईरान पर हमला तनाव को बेकाबू कर सकता है
UN सुरक्षा परिषद की बैठक में महासचिव गुटेरेस ने अमेरिका और इजराइल के ईरान के खिलाफ की गई कार्रवाई को आक्रामकता बताया। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन है। साथ ही ईरान की जवाबी कार्रवाई की भी निंदा की। महासचिव ने कहा कि यह तनाव बेकाबू हो सकता है।
ईरानी राजदूत ने कहा कि ये हमले परमाणु वार्ता के बीच हुए, जबकि अमेरिकी और इजरायली दूतों ने कहा कि बातचीत अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी थी और इसे जारी रखने का अब कोई मतलब नहीं है।
01:07 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई की मौत की खबर के बाद क्राउन प्रिंस ने लोगों से एकजुट होने को कहा
देश से निकाले गए क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी ने शनिवार को ईरानियों से एकजुट होने और सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद बदलाव का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से उत्तराधिकारी नियुक्त करने की कोई भी कोशिश नाकाम होगी।
खामेनेई की मौत की खबर के बाद रेजा पहलवी ने ईरानियों से एकजुट होने की अपील की
12:54 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
तेहरान में दो विस्फोट हुए
ईरान की समाचार एजेंसी मेहर ने राजधानी तेहरान में दो विस्फोटों की खबर दी है।
12:43 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद किया
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने खाड़ी क्षेत्र में मौजूद जहाजों को हाई-फ्रीक्वेंसी रेडियो संदेश भेजे। इनमें जहाजों को इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से न गुजरने की चेतावनी दी गई।
होर्मुज स्ट्रेट ग्लोबल तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद अहम मार्ग माना जाता है। यह एक संकरा जलमार्ग है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से और आगे अरब सागर से जोड़ता है।
इसके उत्तर में ईरान सटा है। दक्षिण में ओमान और संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE है। इसके आसपास सभी तेल उत्पादक देश हैं। इसलिए इस जलीय रास्ते से दुनियाभर में तेल की सप्लाई होती है।
होर्मुज स्ट्रेट करीब 167 किमी लंबा है। इसके दोनों मुहाने करीब 50 किमी चौड़े हैं, जबकि सबसे संकरा हिस्सा करीब 33 किमी चौड़ा है। इसमें आने-जाने वाले समुद्री ट्रैफिक के लिए 3 किमी चौड़ी शिपिंग लेन तय है।
12:42 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
चीन बोला- ट्रम्प शांति में सबसे बड़ी बाधा
अमेरिकी हमले के बाद दुनिया भर के कई देशों ने अमेरिका के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दी है। चीन ने कहा है कि ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। ट्रम्प दुनिया भर की शांति में फिर से सबसे बड़ी बाधा बनकर सामने आए हैं।
रूस के विदेश मंत्री सरगेई लवारोव ने कहा, यह हमला बिना उकसावे के किया गया और अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों का उल्लंघन है। ईरान के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई है।
संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने कहा है कि पहले शांति प्रयासों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। युद्ध का नहीं।
भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री अराघची से बात की है। जयशंकर ने हालात पर चिंता जताई है।
12:42 AM1 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
खामेनेई 35 साल से ईरान की सर्वोच्च सत्ता पर काबिज
आयतुल्लाह अली खामेनेई 1989 में रुहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद से ईरान के सर्वोच्च नेता के पद पर काबिज हैं। ईरान में 1979 की इस्लामी क्रांति के दौरान, जब शाह मोहम्मद रजा पहलवी को हटाया गया तो खामेनेई ने क्रांति में बड़ी भूमिका निभाई थी।
इस्लामिक क्रांति के बाद खामेनेई को 1981 में राष्ट्रपति बनाया गया। वह 8 साल तक इस पद पर रहे। 1989 में ईरान के सुप्रीम लीडर खुमैनी की मौत के बाद उन्हें उत्तराधिकारी बनाया गया।
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक अयातुल्ला धर्मगुरू की एक पदवी है। ईरान के इस्लामिक कानून के मुताबिक, सुप्रीम लीडर बनने के लिए अयातुल्ला होना जरूरी है।
यानी कि सुप्रीम लीडर का पद सिर्फ एक धार्मिक नेता को ही मिल सकता है। लेकिन जब खामेनेई को सुप्रीम लीडर बनाने के लिए कानून में संसोधन किया गया था क्योंकि वे धार्मिक नेता नहीं थे।
—————————–
ये खबर भी पढ़ें…
इजराइल-ईरान जंग; दुबई में बुर्ज खलीफा के पास हमला:एयरपोर्ट बंद; एअर इंडिया की लंदन, टोरंटो, पेरिस, शिकागो उड़ानें रद्द, दुनियाभर की फ्लाइट्स पर असर
इजराइल-ईरान जंग के बीच मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं, जिसका असर दुबई से लेकर भारत तक दिखाई दे रहा है। दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ। पूरी खबर यहां पढ़ें…








