संभल। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में बहजोई डाक घर में कार्यरत डाक सहायक दीपक कुमार के खाते में संदिग्ध रूप से साढ़े 4 करोड़ रुपये का लेन देन हुआ है। लेनदेन की जानकारी वित्त मंत्रालय ने दी है। इसके बाद पुलिस ने मामले में छानबीन की और जब इस लेन देन का कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला ताे पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
बहजोई के थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने रविवार काे बताया कि बहजोई डाक विभाग में डाक सहायक के रूप में कार्यरत दीपक कुमार के खातों में लगभग साढ़े 4 करोड़ रुपये के अनधिकृत लेन देन की सूचना वित्त मंत्रालय के द्वारा मिली है। पुलिस ने जब इस मामले की जांच की तो उक्त व्यक्ति द्वारा उक्त लेन देन के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी। यह भी बता नहीं पाया कि यह पैसा कहां से आया है । इस मामले की गंभीरता देखते हुए दीपक कुमार के खिलाफ बहजोई पुलिस के द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 13 (1) (बी)के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है । अब इस मामले की विवेचना की जा रही है।










