मुरादाबाद । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना मझोला क्षेत्र के लाइनपार पुलिस चौकी के सामने पीएसी के रिटायर्ड दरोगा के बेटे विवेक को गोली मारने वाला 25 हजार का इनामी अंकित यदुवंशी को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अंकित के पैर में गोरी लगने से वह घायल हो गया, जिसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके एक साथी मनीष को भी पुलिस ने पूर्व में मुठभेड़ में ही गिरफ्तार किया था। उस पर भी 25 हजार का इनाम था।
थाना सिविल लाइंस के कांशीराम नगर मऊ निवासी पीएसी से सेवानिवृत्त दरोगा धनीराम ने मझोला थाने में बीती 2 जून की रात रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि, उनके बेटे विवेक उर्फ सोनू के साथी आर्यन चौधरी का बुद्धि विहार गोल चक्कर पर नारियल के कारोबार को लेकर जीशान से विवाद हो गया था।
उसी रात यह लोग लाइन पार चौकी में समझौता करने गए थे। समझौता करने के बाद विवेक और उसके साथी आर्यन व अन्य लोग अपने अपने घर लौट रहे थे। रात करीब पौने नौ बजे पुलिस चौकी के सामने ही मझोला के बैंक कॉलोनी निवासी वरुण ठाकुर, दीपक, अंकित, मनीष, संतोष और अमन ठाकुर ने घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें विवेक के कंधे में गोली लगी थी और वह घायल हो गया था। घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि रविवार को सुबह थाना मझोला पुलिस दिल्ली रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की एक बाइक पर एक अज्ञात युवक आता हुआ दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग की। बचाव में पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में बाइक सवार युवक पैर में गोली लगने से जमीन पर गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित युवक की पहचान अंकित यदुवंशी के रूप में हुई है। उस पर पीएसी के रिटायर्ड दरोगा के बेटे विवेक कुमार उर्फ सोनू को गोली मारने का आरोप है। घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिस पर 25 हजार रूपये का इनाम भी घोषित था। एसपी ने बताया इस घटना में नामजद दूसरे आरोपित मनीष को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। घटना में फरार अन्य नामजद आरोपितों की तलाश जारी है जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
—————–








