सुलतानपुर प्रधान डाकघर को बम की धमकी का ईमेल मिला, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

0
4

 

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के प्रधान डाकघर परिसर में बुधवार दोपहर बम की धमकी का एक ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। पोस्टमास्टर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

प्रधान डाक घर के पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार चौबे ने बताया कि धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 11 बजे प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची और पूरी बिल्डिंग व परिसर को खाली कराया गया। पुलिस टीम ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर डाकघर के हर कमरे और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। इस दौरान डाक कर्मियों और आम लोगों में दहशत का माहौल रहा।

करीब आधे घंटे तक चले इस व्यापक तलाशी अभियान में डाक परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि मौके पर कानून व्यवस्था सामान्य है और जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ने लगभग डेढ़ घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया है कि डरने वाली कोई बात नहीं है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here