नोएडा : कैब चालक ने महिला को दी दुष्कर्म की धमकी, मुकदमा दर्ज

0
8

 

नोएडा। नोएडा में थाना सेक्टर 39 में एक महिला ने कैब चालक पर अभद्र व्यवहार, मानसिक रूप से प्रताड़ना एवं दुष्कर्म करने की धमकी देने की शिकायत बीती रात शुक्रवार को की है। महिला की शिकायत पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी ने कहा कि तुम्हारा रेप करके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा। इस बात से महिला काफी भयभीत है।

थाना सेक्टर 39 के प्रभारी डीपी शुक्ल ने शनिवार की सुबह बताया कि बीती रात सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में रहने वाली एक महिला ने शिकायत की कि उन्होंने 25 जून की शाम को रैपीडो द्वारा नोएडा से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक कैब बुक की। कैब चालक का नाम अमित कश्यप था। वह कार लेकर उन्हें पिकअप करने आया। कार में बैठने के बाद चालक ने उनसे गलत तरीके से बात की और रास्ता बदलने की कोशिश की। उन्होंने इस बात का विरोध किया तो उसने गार्डन गैलरिया मॉल के पास कैब रोक दी और उन्हें बीच रास्ते में छोड़कर चला गया।

पीड़िता के अनुसार, उन्होंने दूसरी कैब बुक की और फिर निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंची, तब तक उनकी ट्रेन छूट गई थी। पीड़ित महिला के अनुसार, कैब चालक ने दो बार बीच में फोन किया। अभद्र भाषा का प्रयोग किया और दुष्कर्म करने की धमकी तथा अश्लील बातें की। उसने यह भी बोला की दुष्कर्म करके तेरी वीडियो बनाकर इंटरनेट पर डाल दूंगा। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने इस मामले की रैपीडो को भी शिकायत की लेकिन उन्होंने कैब चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

Advertisement

पीड़ित महिला ने चालक की बातचीत को रिकॉर्ड किया है, जिसे उसने पुलिस को उपलब्ध करवाया है। पीड़ित महिला इस घटना के बाद वह काफी सदमे में है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने बीती रात को इस मामले में थाने में शिकायत की है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपित कैब चालक की तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here