छिंदवाड़ा में दो ब्रांड की आइसक्रीम अमानक पाई गई, खाद्य सुरक्षा विभाग ने जारी किया नोटिस

0
5

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में दो प्रसिद्ध ब्रांड की आइसक्रीम अमानक पाई गई है। राज्यभर में चल रहे “मिलावट से मुक्ति अभियान” के तहत लिए गए नमूनों की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।

गर्मी के मौसम में आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक की खपत बढ़ जाती है, खासकर बच्चों द्वारा इनका अधिक सेवन किया जाता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग छिंदवाड़ा लगातार शहर के छोटे-बड़े विक्रेताओं से आइसक्रीम के नमूने लेकर उनकी जांच करवा रहा है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा द्वारा पिछले कुछ महीनों में विभिन्न ब्रांड की आइसक्रीम के नमूने एकत्रित किए गए थे। इनमें TOP’N TOWN ब्रांड के मुख्य वितरक जान्हवी फूड्स (सिवनी रोड) और HAVMOR ब्रांड के मुख्य वितरक सरकार डिस्ट्रीब्यूटर्स से अलग-अलग फ्लेवर के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे।

राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार TOP’N TOWN ब्रांड की मैंगो, बटर स्कॉच और वनीला फ्लेवर की आइसक्रीम तथा HAVMOR ब्रांड की अल्फांसो मैंगो फ्लेवर आइसक्रीम अमानक पाई गई है।

रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों वितरकों और संबंधित निर्माणकर्ता फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 46(4) के तहत नोटिस जारी किया है। नियम के अनुसार संबंधित पक्ष विभाग के पास सुरक्षित नमूने के दूसरे हिस्से को केंद्रीय खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजकर पुनः परीक्षण कराने का अधिकार रखते हैं।

Advertisement

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस अवधि पूरी होने के बाद प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित पक्षों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here