अवैध हथियार गिरोह का किया भंडाफोड़, एक आरोपित गिरफ्तार

0
7

 

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, 23 जिंदा कारतूस और 11 खोखे बरामद किए हैं।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान भोला नाथ नगर, शाहदरा निवासीअबू तालिब (27) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित दिल्ली-एनसीआर में उभरते गैंग का हिस्सा था और बदला लेने के इरादे से हथियार इकट्ठा कर रहा था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की ईआर-1 टीम को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि इलाके में जबरन वसूली और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसे अपराधों में अवैध हथियारों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। इसी कड़ी में 14 अप्रैल को शाहदरा स्थित एक कॉलेज के पास विशेष सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाया। सूचना के आधार पर भोला नाथ नगर स्थित ठिकाने पर छापा मारा गया, जहां तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, 23 जिंदा कारतूस और 11 खाली खोखे बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि उसने ये हथियार उप्र के मेरठ से अलग-अलग सौदों में खरीदे थे। उसने बताया कि वह अपने प्रतिद्वंद्वी गैंग से बदला लेने की योजना बना रहा था और इसके लिए हथियार जमा कर रहा था। आरोपी ने हथियारों की टेस्ट फायरिंग भी कर रखी थी।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, अबू तालिब अपने पिता के साथ फल का थोक कारोबार करता है और दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसका पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जो फरश बाजार थाने में लंबित है। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब हथियार सप्लायर और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here