बिहार और यूपी पुलिस अधिकारियों से ठगी करने वाला गिरफ्तार

0
5

 

बागपत । जिले की पुलिस ने एक ऐसे साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को एसपी क्राइम मुख्यालय बताकर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई पुलिस अधिकारियों से ऑनलाइन ठगी की। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के मोतिहारी जिले के थाना लखौरा क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर कटहारिया निवासी लाल मोहन राय के रूप में हुई है। वह वर्तमान में हरियाणा के फरीदाबाद में परिवार के साथ रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपित अपने दो साथियों के साथ मिलकर पहले पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करता था और खुद को एसपी क्राइम मुख्यालय का अधिकारी बताकर थाना या चौकी प्रभारियों के मोबाइल नंबर हासिल कर लेता था। इसके बाद वह अधिकारियों को कॉल कर डीजीपी के करीबी स्वर्ण कारोबारी से सोना लूटने वाले बदमाशों को पकड़ने के नाम पर रुपये ट्रांसफर कराने का दबाव बनाता था। बागपत की ललियाना चौकी इंचार्ज अमित कुमार से इसी तरीके से 25 हजार रुपये ठग लिए गए थे। जांच के दौरान आरोपित का नाम सामने आया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में उसने जमुई की थाना प्रभारी रूबी कुमारी, सिद्धार्थनगर के चौकी इंचार्ज सुदीप कुमार यादव समेत करीब 20 पुलिसकर्मियों से लाखों रुपये की ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है।

एसपी बागपत सूरज कुमार राय का कहना है कि पुलिसकर्मियों को साइबर ठगी का शिकार बनाने वाला बिहार का एक साइबर ठग पकड़ा गया है उसके साथियों की तलाश की जा रही है।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here