देवरिया। उत्तर प्रदेश केदेवरिया जनपद के मदनपुर थाना क्षेत्र के भीखमपुरा गांव में रविवार की भोर में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़ितों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मदनपुर थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि भीखमपुरा ग्राम पंचायत के भिटहां मोहल्ला निवासी हरीलाल राजगीर मिस्त्री का काम करते हैं। बीती रात परिवार के सभी सदस्य मकान की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान के पीछे बिना ग्रिल लगी खिड़की से घर के अंदर घुस आए। चोरों ने घर के कमरों की तलाशी लेकर हरीलाल की पत्नी मनरावती, पुत्र हरिद्वार की पत्नी कंचन, श्यामबिहारी की पत्नी आरती तथा पुत्री सरिता के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा घर में रखा करीब एक लाख रुपये नकद भी उठा ले गए।
रविवार भोर में जब मनरावती देवी घर में सफाई करने पहुंचीं तो कमरों का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर से कुछ दूरी पर खेत में टूटे बक्से और बिखरा सामान मिला।
पीड़ित हरीलाल की पुत्री सरिता का रिश्ता तय हो चुका है और दो दिन बाद फलदान कार्यक्रम होना है। ऐसे में चोरी की घटना से परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों को आशंका है कि वारदात में किसी करीबी की मुखबिरी हो सकती है।
दूसरी घटना बरहज थाना क्षेत्र के टोला कुरमहां निवासी मुद्रिका चौहान के घर से चोर 50 हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र और झुमका चुरा ले गए। बताया जा रहा है कि मुद्रिका एक सप्ताह पहले ही मुंबई से गांव लौटे थे।
मदनपुर थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा चोरों की तलाश जारी है।









