मुठभेड़ : हत्या के दो आरोपित घायल , तमंचा-कारतूस व चाकू बरामद

0
7

 

 

जौनपुर । यूपी के जौनपुर में गुरुवार को पुलिस की संयुक्त टीम और हत्या के आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, एक मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने खरी दुनिया से बातचीत में बताया कि जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात में हत्या के आरोपी आशीष चौहान की एक दर्जन से अधिक लोगों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद हमलावर शव को घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बन्दीपुर गांव के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए थे।

संघईपुर गांव निवासी आशीष चौहान बन्दीपुर के पास शराब ठेके के समीप मौजूद था, तभी एक समूह ने उसे दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह सिरकोनी गांव की ओर भागा और कई घरों में छिपने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों के डर से किसी ने उसे शरण नहीं दी। अंततः गांव के एक मड़हे में उसे घेरकर हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।

Advertisement

उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों—धनंजय चौहान, अविनाश चौहान, आदर्श चौहान सभी निवासी संघईपुर और भोले चौहान निवासी हीरापुर की पहचान की थी।बुधवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भाऊपुर से त्रिलोचन की ओर जा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने ग्राम ओईना के पास घेराबंदी की।

इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए।घायलों की पहचान शिवशंकर चौहान (26) और धनंजय चौहान उर्फ नंदू (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजते हुए मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here