नेचर बाजार में भीषण आग, 40 से अधिक दुकानें जलकर राख

0
5

 

 

नई दिल्ली। दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित नेचर बाजार में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बाजार की कई छोटी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग के मुताबिक करीब 40 से 50 छोटी दुकानें जलकर खाक हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दिल्ली दमकल विभाग के जनसंपर्क अधिकारी राजिंदर अटवाल के अनुसार रविवार सुबह करीब 7:37 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। घटना स्थल अंबेडकर कॉलोनी स्थित नेचर बाजार, दिल्ली हाट अंधेरिया मोड़ के पास, छतरपुर मेट्रो स्टेशन के नजदीक बताया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शुरुआती तौर पर दो वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक ब्रीदिंग फायर टेंडर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल मौके पर रवाना किए। मौके पर पहुंचकर दमकल अधिकारियों ने आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह करीब 8 बजे “मेक-4” कॉल जारी कर दी, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी घटनास्थल पर भेजा गया। बाद में तीन गाड़ियाें काे माैके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल अधिकारियों के अनुसार आग बाजार की करीब 40 छोटी दुकानों में लगी थी, जिससे उनमें रखा सामान पूरी तरह जल गया और दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय बाजार में भीड़ कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के बाद इलाके में काफी देर तक धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। दमकल विभाग का कहना है कि कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने के बाद आग के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here