चौकियां धाम में मां शीतला का भव्य श्रृंगार, गुलाब-नीबू की माला से सजकर भक्तों को दिए दर्शन

0
12

 

जौनपुर। यूपी के जौनपुर स्थित शीतला चौकियां धाम में चैत्र नवरात्र के छठे दिन मंगलवार को मां शीतला की विशेष पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।पूजा-अर्चना से पूर्व मां दुर्गा के शीतला स्वरूप का भव्य श्रृंगार किया गया। मां को लाल गुलाब और नीबू की आकर्षक माला पहनाई गई, साथ ही लाल चुनरी और लाल-सुनहरे वस्त्रों से सजाया गया।

देवी को सोने-चांदी के आभूषणों से अलंकृत कर दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े।भक्तों द्वारा मां को सीताफल, केला और बर्फी का भोग अर्पित किया गया। सुबह मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लग गई थीं। श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी और प्रसाद लेकर मां के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि उदया तिथि के अनुसार सप्तमी तिथि पर मां कालरात्रि की पूजा का विशेष महत्व है।

इस दिन विधि-विधान से पूजा करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्र के धार्मिक महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।पूरे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, घंटों की ध्वनि और जयकारों से माहौल गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here