हिट एंड रन में 19 वर्षीय चालक की लापरवाही से कुक की मौत, आरोपित गिरफ्तार

0
7

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 41 वर्षीय कुक की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले की जांच करते हुए हिट एंड रन केस में शामिल कार और उसके चालक की पहचान कर ली है। आरोपित 19 वर्षीय युवक है, जबकि वाहन उसकी मां के नाम पर पंजीकृत है।

दक्षिणी जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने मंगलवार को बताया कि 31 मार्च को थाना जी.के.-1 में एक पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि बी-234, ग्रेटर कैलाश-1 के सामने एक अज्ञात सिल्वर रंग की मारुति सियाज कार ने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को तुरंत नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान सुरेंद्र दास (41) के रूप में हुई, जो ग्रेटर कैलाश-1 के ही बी-246 में रहते थे और घरेलू सहायक (कुक) का काम करते थे।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास के सभी संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। परिवहन विभाग से संदिग्ध वाहनों का डाटा प्राप्त कर कई गाड़ियों की भौतिक जांच भी की गई और उनके मालिकों से पूछताछ की गई।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान सिल्वर रंग की मारुति सियाज के रूप में की, जिसका आंशिक रजिस्ट्रेशन नंबर सामने आया। बाद में पुलिस ने वाहन को क्षतिग्रस्त अवस्था में बरामद कर जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि हादसे के समय कार रुहान चड्ढा (19) चला रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि हादसे के बाद वह घबरा गया और मौके से फरार हो गया। आगे की जांच में यह भी पता चला कि वाहन को छिपाने और उसकी मरम्मत कराने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने वाहन की मालिक निहारिका चड्ढा के खिलाफ भी साक्ष्य छिपाने और आरोपित को बचाने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

 

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here