हरदा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रॉली से टकराई बाइक, मां-बेटे की मौत, भांजा घायल

0
4

 

 

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी की तैयारियों में जुटा घर अचानक मातम में बदल गया, जब खरीदारी कर लौट रहे मां-बेटे की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में बैठा भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम ऊंचांन निवासी अभिषेक कीर (21) की 19 अप्रैल को शादी तय थी। घर में मेहमानों का आना-जाना और रस्मों की तैयारियां चल रही थीं। 17 अप्रैल को माता पूजन और 18 अप्रैल को मंडप कार्यक्रम होना था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। अभिषेक अपनी मां नर्मदी बाई (45) और भांजे (12) शुभम के साथ शादी की खरीदारी करने हरदा गया था। रात करीब 8:15 बजे तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।

इस दाैरान ग्राम मांगरूल नाके के पास वन विभाग चौकी के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रॉली पाइप खाली कर लौट रही थी और सड़क किनारे खड़ी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभिषेक और उसकी मां के सिर में गंभीर चोट आई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में भांजा शुभम की नाक में गंभीर चोट आई। घटना के बाद तीनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। घायल शुभम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उसे भोपाल भेजने की सलाह दी गई है। इधर ग्रामीणों के अनुसार, ट्रॉली सुबह से ही सड़क किनारे खड़ी थी और राहगीरों ने चालक को कई बार इसे हटाने के लिए कहा था, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। यह लापरवाही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

Advertisement

घर में पसरा सन्नाटा

अभिषेक के बड़े भाई ने बताया कि घर में शादी की खुशियां चरम पर थीं। परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। पिता पिछले कुछ वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उन्हें सुनाई भी नहीं देता। ऐसे में यह हादसा परिवार के लिए गहरा आघात बनकर आया है।

पुलिस कार्रवाई जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लिया गया है। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है, जहां आज (बुधवार) सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here