मां के ब्रह्मभोज में बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली, मौत

0
9

 

गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में मंगलवार को मां के ब्रह्मभोज के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, परिवार की मां के तेरहवीं (ब्रह्मभोज) का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान खर्च को लेकर भाइयों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा ने अपने छोटे भाई सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23) को सीने में गोली मार दी।

गोली लगने के बाद शुभम खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी बड़े भाई मौके से फरार हो गया। वहीं, मझले भाई ने गुस्से में आकर मृतक की स्कूटी पर फावड़े से वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

सूचना मिलते ही एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

Advertisement

बताया जा रहा है कि मृतक शुभम की मई महीने में सगाई हुई थी और फरवरी 2027 में उसकी शादी तय थी। मौत की खबर मिलते ही उसकी मंगेतर मौके पर पहुंची और दहाड़ मारकर रोने लगी, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, परिवार में चार भाई—दुर्गविजय, श्यामू, सोनू और सबसे छोटा शुभम—मिलकर ब्रह्मभोज की तैयारी कर रहे थे। मां के निधन के बाद शोक में डूबे परिवार में यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई की जान चली गई।

इस घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here