लंदन जाने के लिए चार्टर्ड प्लेन की मांग वाली खबर पर विराट ने दिया मजेदार जवाब

0
9

 

 

नई दिल्ली। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत से पहले सामने आई उस खबर पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) से कुछ खास सुविधाओं की मांग की है। कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की और इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया।

एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि कोहली ने सीजन के बीच लंदन (यूके) जाने के लिए फ्रेंचाइजी से चार्टर्ड प्लेन की मांग की है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया कि कोहली ने फ्रेंचाइजी से कहा है कि अगर मैचों के बीच तीन दिन का गैप हुआ तो वह लंदन जाएंगे और मैच से पहले वापस आ जाएंगे।

इन खबरों पर कोहली ने खुद जवाब दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस रिपोर्ट को शेयर करते हुए हंसने वाला दो इमोजी लगाया, जिससे साफ हो गया कि वह इन दावों को गंभीरता से नहीं लेते। उनकी यह प्रतिक्रिया तेजी से वायरल हो गई और फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गई।

Advertisement

आईपीएल 2026 के लिए कोहली आरसीबी टीम से जुड़ चुके हैं और तैयारी में लगे हुए हैं। टीम अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी।

आरसीबी ने पिछले सीजन में अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। कोहली ने इसमें अहम भूमिका निभाई थी। इस बार टीम खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी और कोहली की भूमिका एक बार फिर बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है।

पिछले सीजन में कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने 15 पारियों में 54.75 के औसत और 144.71 के स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए थे, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल थे। वह आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे और पूरे टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।

कोहली अब तक आईपीएल में 267 मैचों में 8 शतक और 63 अर्धशतक की मदद से 8661 रन बना चुके हैं। वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं और इस सीजन में 9000 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी बनने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे।

—————

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here