चुनाव 26 : एक ही दिन ममता और शाह के कार्यक्रम से जिले में सियासी हलचल

0
6

 

पश्चिम मेदिनीपुर। जिले में शुक्रवार सुबह से ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जिले के दो प्रमुख शहरों में एक ही दिन दो बड़े राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं के प्रस्तावित रोड शो को लेकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन की तैयारियां की जा रही हैं। इस राजनीतिक गतिविधि के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन को भी पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है। जिले के विभिन्न प्रवेश मार्गों और प्रमुख चौराहों पर नाकेबंदी कर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल, उत्सुकता और चर्चा का माहौल बन गया है।

सूत्रों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार शाम जिला मुख्यालय मेदिनीपुर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में पदयात्रा करेंगी। विशेष रूप से तृणमूल उम्मीदवार सुजय हाजरा के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शुक्रवार शाम खड़गपुर पहुंचेंगे। यहां वे भाजपा के प्रत्याशी दिलीप घोष के समर्थन में मालांचा रोड स्थित अतुलमोनी स्कूल के पास से खरीदा तक एक विशाल रोड शो करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति के साथ भव्य व्यवस्था की गई है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भी अमित शाह ने गोलबाजार इलाके में रोड शो किया था, जिसका चुनावी असर देखने को मिला था और इस सीट से भाजपा के उम्मीदवार हिरणमय चटर्जी को जीत हासिल हुई थी।

Advertisement

एक ही दिन जिले के दो अलग-अलग शहरों में इन बड़े कार्यक्रमों को लेकर राजनीतिक माहौल काफी गरम है। मेदिनीपुर के सामाजिक कार्यकर्ता अनिल धल ने बताया कि शहर के बाजारों में भी काफी भीड़ देखी जा रही है और चुनावी सभा को लेकर लोगों के बीच जोरदार चर्चाएं चल रही हैं।

वहीं “हिंदुस्थान समाचार” से बातचीत करते हुए भाजपा जिला समिति के सदस्य सुनील यांडा ने कहा कि खड़गपुर सीट भाजपा की पारंपरिक सीटों में से एक रही है और पार्टी उम्मीदवार दिलीप घोष की जीत तय है। उनका कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खड़गपुर आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह और बढ़ेगा तथा जीत का अंतर भी निश्चित रूप से बढ़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here