औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित काजीपुर (हजरतपुर) गांव में शनिवार को विवाहिता ने फांसी लगाकर मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी।
कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतका की पहचान इटावा जिले के धूमनपुरा निवासी अनुप्रिया (21) के रूप में हुई है। उसकी शादी 24 नवंबर 2025 को हजरतपुर निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। शनिवार सुबह अनुप्रिया का शव छत वाले कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही यूपी डॉयल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान यह भी सामने आया कि घटना के बाद घर के अधिकांश सदस्य मौके से गायब थे, जबकि सास ही घर पर मौजूद मिली। मृतका की मां ने पुलिस को सूचना देते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मायके पक्ष का कहना है कि अनुप्रिया की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया है और उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कोतवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, नायब तहसीलदार ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कराई। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।









