ऊर्जा मंत्री के गृह जनपद मऊ में आम आदमी पार्टी का स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन

0
13

 

👉 “स्मार्ट चीटर” व्यवस्था के विरोध में फूटा जनआक्रोश, मऊ बंद को मिला व्यापक समर्थन

मऊ। आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आज जनपद मऊ में स्मार्ट मीटर, गलत बिलिंग, बिजली कटौती एवं कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिला विद्युत उपकेंद्र पर हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आम जनता, किसानों, बुनकरों, व्यापारियों, युवाओं एवं महिलाओं ने भाग लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने “स्मार्ट मीटर” को स्मार्ट चीटर बताते हुए उसकी प्रतीकात्मक तस्वीर का दहन किया तथा जोरदार नारेबाजी कर जनता के शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों द्वारा उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा “स्मार्ट चीटर” के प्रतीकात्मक पुतले का दहन करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा उसे रोक दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं पुलिस के बीच काफी धक्का-मुक्की एवं छीना-झपटी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा स्मार्ट मीटर के नाम पर प्रदेश की जनता से खुली लूट की जा रही है। जहाँ पहले लोगों का सामान्य बिजली बिल आता था, वहीं अब कई घरों में अचानक कई गुना अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। गलत रीडिंग, मनमानी बिलिंग और प्रीपेड व्यवस्था ने गरीब, किसान, मजदूर, बुनकर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने आगे कहा—जनता पूछ रही है कि आखिर यह स्मार्ट मीटर है या ‘स्मार्ट चीटर’? बिजली व्यवस्था सुधारने के बजाय अगर जनता की जेब पर बोझ बढ़ेगा, तो लोग आवाज भी उठाएंगे और जवाब भी मांगेंगे। सरकार को तत्काल गलत बिलिंग पर रोक लगानी चाहिए और स्मार्ट मीटर परियोजना की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।

Advertisement

विक्रम जीत सिंह बोले — जनता अब पूरी तरह जाग चुकी है!मऊ बंद को व्यापारियों, किसानों, बुनकरों, युवाओं एवं आम नागरिकों का अभूतपूर्व समर्थन मिला। कुछ लोगों को छोड़कर पूरे जनपद ने इस बंदी का स्वागत किया। यह समर्थन इस बात का प्रमाण है कि जनता स्मार्ट मीटर की मनमानी और सरकार की फ्यूज व्यवस्था से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो आने वाले समय में यह आंदोलन और व्यापक होगा!बुनकरों को भारी बिजली बिलों के कारण करघे बंद करने की नौबत आ रही है, जबकि किसान सिंचाई संकट से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।

प्रदर्शन के दौरान महामहिम राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन भी संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया, जिसमें स्मार्ट मीटर परियोजना की निष्पक्ष जांच, गलत बिलिंग पर रोक, किसानों एवं बुनकरों को राहत तथा दोषी अधिकारियों एवं कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

आज के कार्यक्रम में ए.के. सहाय, पुष्पेंद्र राणावत, अवधेश मौर्य, रीता भारती, जितेंद्र जायसवाल, गुलशन सिन्हा, कमली देवी, मो. असलम, बिपिन कुमार, हैदर अली, सैरून निशा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here