नेपाल के सल्यान पुलिस कार्यालय परिसर की खुदाई में 86 सॉकेट बम मिले

0
7

काठमांडू। नेपाल के सल्यान जिला पुलिस कार्यालय परिसर में भवन निर्माण के लिए नींव की खुदाई के दौरान शनिवार को बड़ी मात्रा में बम बरामद हुए। जिला पुलिस कार्यालय सल्यान ने बताया कि पूर्वाह्न 11:20 बजे तक कुल 86 सॉकेट बम बरामद किए जा चुके थे।

जिला पुलिस कार्यालय सल्यान के प्रमुख डीएसपी डॉ. हेमबहादुर केसी ने बताया कि यह बम शारदा नगरपालिका स्थित जिला पुलिस कार्यालय परिसर में निर्माण कार्य के दौरान मिले। बुधवार दोपहर पुलिस परिसर में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने के बाद खुदाई शुरू की गई थी। खुदाई के दौरान 7 रेडियो वेव उपकरण, लगभग 500 ग्राम विस्फोटक पदार्थ, करीब 2 किलो बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और 10 मीटर फायरिंग केबल भी बरामद किए गए हैं।

घटना सार्वजनिक होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उच्च सतर्कता अपनाई है। प्रारंभिक चरण में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। इसके बाद नेपाली सेना के मेजर कृष्ण क्षेत्री के नेतृत्व में सेना की टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। आगे की खुदाई में अतिरिक्त 10 सॉकेट बम मिलने पर बम निष्क्रिय करने के लिए विशेष टीम बुलाई गई। दांग जिला से सेना के बम डिस्पोजल टीम को बुलाया गया है और शनिवार सुबह से विभिन्न टीम भी घटनास्थल पर तैनात है।

पुलिस के अनुसार बरामद सभी विस्फोटक सामग्रियों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की तैयारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here