ईरान की दोटूक, कतर में अमेरिका के साथ कोई बातचीत तय नहीं, होर्मुज में हालात कुछ बेहतर हुए

0
3

 

 

तेहरान/वाशिंगटन। ईरान ने कहा है कि कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका के साथ कोई बातचीत तय नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा उसके प्रतिनिधिमंडल के कतर दौरे का अमेरिकी अधिकारियों के साथ किसी भी बैठक से कोई लेना-देना नहीं है। ईरान का बड़ा बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे के उलट है। ट्रंप ने कहा कि कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल होर्मुज जलडमरूमध्य पर केंद्रित वार्ता में हिस्सा लेंगे। उधर, होर्मुज जलडमरूमध्य में पिछले 24 घंटे में हालात पहले से बेहतर हुए हैं।

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी और अल जजीरा न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “आने वाले दिनों में हमारी अमेरिकी पक्ष के साथ किसी भी स्तर पर कोई बातचीत या बैठक तय नहीं है। अमेरिकी प्रतिनिधियों के कतर जाने का ईरानी प्रतिनिधिमंडल के दौरे से कोई लेना-देना नहीं है।” बघाई ने जोर दिया कि बड़े समझौते पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है।

बघाई ने कहा, “एमओयू के मसौदे के मुताबिक, अंतिम समझौते के लिए बातचीत की शुरुआत 14 सूत्री सहमति पत्र के क्रम संख्या 1, 4, 5, 10, और 11 में उल्लिखित बातों के लागू होने पर निर्भर है।” उन्होंने कहा कि इसमें यह भी कहा गया है कि अमेरिका को ईरान के फ़्रीज किए गए या रोके गए फंड और एसेट्स को आपसी सहमति से तय प्रक्रिया के तहत इस्तेमाल के लिए पूरी तरह से उपलब्ध कराना होगा।

Advertisement

इस बीच, व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर मंगलवार को ईरान के साथ बातचीत के लिए दोहा जाएंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में इसकी पुष्टि की और कहा कि यह बैठक ईरान के अनुरोध पर हो रही है। लेविट ने कहा कि ट्रंप शांति प्रक्रिया को जारी रखना चाहते हैं। उन्होंने ईरान से वाशिंगटन के साथ समझौते पर पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में दुश्मनी खत्म करने के लिए 14 सूत्री एमओयू पर हस्ताक्षर करने के बाद तकनीकी बातचीत जारी है।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “ईरान ने बैठक का आग्रह किया है। यह कल दोहा में होगी।” उल्लेखनीय है कि अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सियोस सबसे पहले दोहा में होने वाली बैठक का खुलासा कर चुकी है। हालांकि इसके बाद ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग ने ईरान के कानून और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप विदेशमंत्री काज़ृम गरीबाबादी के हवाले से कहा कि इस हफ्ते कोई टेक्निकल वर्किंग ग्रुप की मीटिंग तय नहीं है। उन्होंने कहा कि कतर के साथ बातचीत हमेशा की तरह जारी है। सनद रहे तेहरान और वाशिंगटन के बीच वार्ता में कतर मुख्य मध्यस्थ है।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान के अलग-अलग बयानों से मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में तनाव बना हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली बातचीत को लेकर मिले-जुले संकेतों ने मिडिल ईस्ट की कूटनीति में नई अनिश्चितता पैदा कर दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिकी और ईरानी अधिकारी इस हफ्ते कतर में मिलेंगे, लेकिन तेहरान ने इससे इनकार किया कि ऐसी कोई बैठक तय नहीं है।

ईरान के विदेश मंत्रालय की यह टिप्पणी ट्रंप के उस बयान के उलट है जिसमें कहा गया कि बातचीत मंगलवार से शुरू होगी। इन अलग-अलग बयानों ने कूटनीतिक कोशिशों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि होर्मुज जलडमरूमध्य में 24 घंटे में स्थिति पहले से बेहतर हुई है। मरीन ट्रैफिक डेटा के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान 25 कमर्शियल जहाज जलडमरूमध्य से गुजरे। फारस की खाड़ी से बाहर जाने वाले जहाजों में छह ऑयल टैंकर और आठ कार्गो जहाज शामिल हैं, जबकि पांच टैंकर और छह कार्गो जहाज खाड़ी में दाखिल हुए।

—————

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here