बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में खेकड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस में कार्यरत हेड कांस्टेबल की रविवार की सुबह ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। थाना पुलिस ईस्टर्न पेरिफेरल पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
खेकड़ा थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि हापुड़ जिले के थाना सिंभावली क्षेत्र के ग्राम कासमाबाद जमालपुर निवासी अरुण (38) पुत्र सतेंद्र दिल्ली पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात थे। इन दिनों अरुण सरिता विहार थाने में कार्यरत थे।
रविवार सुबह अरुण बाइक से हरियाणा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह खेकड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ईस्टर्न पेरीफेरल स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत सीएचसी खेकड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए ईपीई पर लगे सीसीटीवी कैमरों देखे जा रहे हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







