सब्यसाची दत्ता गिरफ्तार, एक करोड़ से अधिक की रंगदारी वसूली का आरोप

0
9

 

कोलकाता। विधाननगर के पूर्व मेयर और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सब्यसाची दत्ता को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर एक व्यवसायी से एक करोड़ रुपये से अधिक की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें विधाननगर उत्तर थाना पुलिस की हिरासत में रखा गया है।

सूत्रों के अनुसार, एक व्यवसायी ने सब्यसाची दत्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनसे भारी रकम की रंगदारी मांगी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच में मिले सबूतों के बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात उन्हें राजारहाट स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया और फिर विधाननगर उत्तर थाने लाया गया। वहां लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी के बाद मंगलवार सुबह उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा और इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

Advertisement

सब्यसाची दत्ता तृणमूल कांग्रेस के एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। वे विधाननगर नगर निगम के मेयर रह चुके हैं और वर्तमान में उसी क्षेत्र के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में वे बारासात क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार भी थे। इसके पहले वे तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में भी शामिल हुए थे लेकिन फिर बाद में वापस लौट गए थे।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से राज्य में कई तृणमूल कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले पूर्व मंत्री सुजित बोस और अन्य नेताओं पर भी कार्रवाई हो चुकी है। सब्यसाची दत्ता की गिरफ्तारी इसी सिलसिले में एक और बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here