पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर कार्रवाई, बोले- संगठित अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित फाफामऊ क्षेत्र के चर्चित आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे में प्रयागराज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर हादसे के सात आरोपिताें के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपिताें द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार कुर्की एवं जब्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को थाना फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज के ढह जाने से चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 12 लोग घायल हुए थे। मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान आरोप है कि कोल्ड स्टोरेज का संचालन निर्धारित मानकों के विपरीत क्षमता से अधिक भंडारण और गंभीर लापरवाही के साथ किया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
इस प्रकरण में मालिक अंसार अहमद, मंजूर, अलाउद्दीन, मो. जाबिर अली उर्फ जावेद, मो. उस्मान, मो. इरफान तथा मो. असलम उर्फ बाबा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की जांच कर कुर्की और जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस आयुक्त प्रयागराज जोगेंद्र कुमार ने कहा ,”कमिश्नरेट पुलिस अपराध और संगठित अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून से खिलवाड़ करने वालों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस का कहना है कि इस मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है और कानून के अनुसार सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।










