भोपाल। भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने बुधवार को भोपाल स्थित उधव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर में खेले गए चार मैचों की श्रृंखला के अंतिम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 महिला हॉकी टीम को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
मुकाबले की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ने आक्रामक खेल दिखाया और पहले क्वार्टर के 8वें मिनट में ऑरोरा कोवासेविच ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि भारतीय टीम ने जल्द ही वापसी करते हुए कप्तान स्वीटी कुजूर ने 13वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। 25वें मिनट में दिया ने शानदार गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई, जो हाफटाइम तक कायम रही।
दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने मैच पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर के 44वें मिनट में प्रियंका मिंज ने गोल कर बढ़त 3-1 कर दी। इसके बाद अंतिम क्वार्टर में नौशीन नाज ने 50वें मिनट में गोल दागकर भारत की 4-1 की शानदार जीत सुनिश्चित कर दी।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एक्सपोजर सीरीज का समापन शानदार अंदाज में किया। यह दौरा जापान में इस महीने के अंत में शुरू होने वाले अंडर-18 एशिया कप की तैयारियों के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
हालांकि चार मैचों की इस एक्सपोजर सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से श्रृंखला अपने नाम की।








