टाटा मोटर्स वाणिज्यिक वाहनों की कीमत में एक जुलाई से करेगी 2.5 फीसदी की वृद्धि

0
7

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने अब अपने व्यावसायिक वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। नई कीमतें आगामी एक जुलाई से लागू होंगी।

कंपनी ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि यह मूल्य वृद्धि उसके सभी वाणिज्यिक वाहनों पर लागू होगी। हालांकि अलग-अलग मॉडल एवं संस्करण के अनुसार बढ़ोतरी की दरें अलग-अलग हो सकती है। टाटा मोटर्स के मुताबिक यह कदम कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और अन्य लागतों के प्रभाव को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए उठाया जा रहा है।

इससे पहले कंपनी ने पैसेंजर व्हीकल की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था। टाटा मोटर्स के कार के दाम में यह बढ़ोतरी भी आगामी एक जुलाई से लागू होगी। कंपनी ने बताया था कि उसकी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक कारों की कीमतों में 1.5 फीसदी तक की बढ़ोतरी की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स देश में व्यावसायिक वाहन बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। इसका पुराना नाम टेल्को था। ये टाटा समूह की प्रमुख कंपनियों में से एक है। इसकी उत्पादन इकाइयां भारत में जमशेदपुर, पुणे और लखनऊ सहित देश के कई शहरों में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here