बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शादीशुदा प्रेमी से निकाह की जिद पर एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ग्रामीणों की नजर जब टॉवर पर पड़ी तो ग्रामीणों ने डॉयल 112 को सूचित किया। मौके पर पीआरवी टीम और पुलिस पार्टी पहुँची।
मामला रुपईडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लहरपुरवा का है। यहां की रहने वाली आसिया बानो बुधवार की प्रातः बिना परिवारीजनों को सूचना के गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। मौके पर पहुँची पुलिस पार्टी ने माइक से नाबालिग को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण भी नीचे उतरने की अपील करते रहे। इसके बाद रुपईडीहा थानाध्यक्ष ने माइक थामा और नाबालिग से कहा “बेटा जो बात है बताओ, जो कहोगी वही किया जाएगा। जहां तुम चाहोगी वहीं तुम्हारी शादी करवाई जाएगी।”
लगभग चार घण्टे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समझाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। किशोरी की मां ने बताया कि बेटी का दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम सम्बन्ध चल रहा है। उसी से निकाह भी करना चाहती है। वह युवक शादीशुदा है। उसके बच्चे भी हैं। इस कारण परिवारीजन रिश्ते के खिलाफ हैं। आदर्श थाना प्रभारी रमेश रावत ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन उसे अपने साथ गांव ले गए।








