उरई में स्कॉर्पियो से युवक को कुचलने का प्रयास, घटना सीसीटीवी में कैद

0
9

उरई। उत्तर प्रदेश जनपद जालाैन के उरई कोतवाली क्षेत्र में कालपी रोड स्थित नया पटेल नगर में देर रात एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित पक्ष ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली उरई में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

नया पटेल नगर, जिला उद्योग केंद्र के पास रहने वाले विकास बिश्नोई पुत्र शिवकुमार बिश्नोई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे उनके घर के बाहर स्कूटी खड़ी थी। स्कूटी को घर के अंदर करने के लिए उनका भाई राजकुमार बिश्नोई और संदीप बिश्नोई बाहर गए थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला प्रमोद शर्मा उर्फ पप्पू अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंच गया। आरोप है कि वह आते ही गाली-गलौज करने लगा। जब संदीप बिश्नोई ने इसका विरोध किया तो प्रमोद शर्मा ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से अपनी स्कॉर्पियो तेज गति से संदीप की ओर बढ़ा दी। बताया गया है कि गाड़ी की टक्कर से संदीप बिश्नोई को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से गाली-गलौज करता हुआ फरार हो गया। परिजनों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित विकास बिश्नोई का कहना है कि घटना का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि किस तरह स्कॉर्पियो चालक युवक के ऊपर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

इस संबंध में विकास बिश्नोई ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उरई को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी हरी शंकर चंद का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी देखा जा रहा है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here