बच्चों के झुलसने के मामले में मोहित पेपर मिल पर कार्यवाही की मांग

0
6

बिजनौर। जनपद बिजनौर के थाना शहर कोतवाली के मोहित पेपर मिल की राख से झुलसे बच्चों को न्याय दिलाने तथा पेपर मिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर पीड़ित परिवारों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में बताया गया कि मोहल्ला लड्डापुरा, कोतवाली शहर क्षेत्र निवासी राशिद, वसीम, इमरान, निसार एवं दिलशाद के बच्चे गत 1 मई 2026 को झालू रोड स्थित रेलवे फाटक के पास जोधूवाला गांव के निकट बाग में खेलने गए थे। आरोप है कि वापस लौटते समय पीडब्ल्यूडी सड़क किनारे खसरा क्षेत्र में मोहित पेपर मिल की गर्म राख पड़ी हुई थी, जिसमें बच्चे गिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजनों के अनुसार बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल, बिजनौर पहुंचाया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी प्रशासन को होने के बावजूद डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे पीड़ित परिवारों में रोष व्याप्त है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और बच्चों के उपचार का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से बच्चों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा मोहित पेपर मिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पीड़ित परिवारों ने जिलाधिकारी से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर बच्चों को न्याय दिलाने की अपील की है। यहां उल्लेखनीय है कि झुलसे बच्चों का इलाज भी मोहित मिल द्वारा कराया जा रहा है |

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here